अभातेयुप के राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री महेश परमार का पदारोहण संपन्न
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के 60वें राष्ट्रीय अधिवेशन में मनोनीत महेश परमार का मुंबई में जैन संस्कार विधि से अभिनंदन किया गया।

तस्वीर में अभातेयुप के 60वें राष्ट्रीय अधिवेशन 'संवर्धनम्' में सांताक्रुज परिषद को मिले सम्मान पत्र और पुरस्कार स्मृति चिन्ह दिख रहे हैं।
अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (अभातेयुप) के 60वें राष्ट्रीय अधिवेशन ‘संवर्धनम्’ में राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री-२ के पद पर मनोनीत तेयुप सांताक्रुज के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान में प्रकाशन के राष्ट्रीय प्रभारी श्री महेशजी परमार के मुम्बई और अपनी गृह परिषद सांताक्रुज आगमन पर पदारोहण समारोह जैन संस्कार विधि से आयोजित किया गया।
लाड़नू में युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमणजी के सान्निध्य में 26, 27 और 28 सितम्बर 2026 को आयोजित तीन दिवसीय 60वां राष्ट्रीय अधिवेशन ‘संवर्धनम्’ संपन्न हुआ। अधिवेशन में अभातेयुप द्वारा देश भर की शाखाओं की ओर से वर्ष 2025-26 के दौरान सेवा, संस्कार और संगठन के अंतर्गत की गई विभिन्न गतिविधियों का मूल्यांकन किया गया। संगठन के क्षेत्र में विशाल श्रेणी (126-250 युवक संख्या) के तहत् सांताक्रुज परिषद को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ और पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही चौका सत्कार के तहत् सांताक्रुज परिषद की ओर से युवा-वाहिनी में 7 दिन की सहयोग राशि प्रदान करने पर भी परिषद को पुरस्कृत किया गया।
अधिवेशन में अभातेयुप के संविधान संशोधन को भी लागू किया गया। राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री पवनजी मांडोत ने अपने प्रबंधन मंडल का विस्तार करते हुए तेयुप सांताक्रुज के पूर्व अध्यक्ष एवं वर्तमान में प्रकाशन के राष्ट्रीय प्रभारी श्री महेशजी परमार को राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री-२ के पद पर मनोनीत किया। मनोनयन के बाद पहली बार मुम्बई और अपनी गृह परिषद सांताक्रुज पहुंचने पर उनके पदारोहण कार्यक्रम का आयोजन जैन संस्कार विधि से किया गया।
संस्कारकगण ने मंगल मंत्रोच्चार के साथ जैन संस्कार विधि से पदारोहण कार्यक्रम संपादित किया और आगामी कार्यकाल के लिए मंगलकामना प्रेषित की। कार्यक्रम में तेयुप अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश चोरड़िया ने समागत सभी पदाधिकारीगण एवं सम्पूर्ण तेरापंथ समाज का स्वागत किया। उन्होंने सत्र 2025-26 के अध्यक्ष श्री कमलेशजी मेहता और उनकी टीम को बधाई दी तथा श्री महेशजी परमार को यशस्वी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा मुंबई के अध्यक्ष श्री सुरेन्द्रजी कोठारी, तेरापंथ प्रोफेशनल फोरम के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री मनीषजी कोठारी, सांताक्रुज सभाध्यक्ष श्री संजीवजी परमार, भारत जैन महामंडल युवा अध्यक्ष श्री भूपेशजी कोठारी, श्री मनीषजी बापना, श्री अमितजी रांका आदि ने अपनी अभिव्यक्ति दी। सभी ने श्री महेशजी परमार के कार्यकाल के उपलब्धियों से भरे रहने की कामना की तथा तृतीय पुरस्कार प्राप्त होने पर निवर्तमान अध्यक्ष श्री कमलेशजी मेहता व टीम को बधाई दी।
श्री महेशजी परमार ने पूरे समाज का आभार जताते हुए नई जिम्मेदारी का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करने का संकल्प लिया। उन्होंने सांताक्रुज हित को सर्वोपरि रखते हुए तन-मन-धन से सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में सभी ने गुरुदेव के प्रति अनंत-अनंत कृतज्ञता ज्ञापित की और अभातेयुप का आभार जताया। कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष श्री विकास धाकड़ ने किया, जबकि आभार ज्ञापन उपाध्यक्ष-२ श्री मुकेश बाफना ने किया।

Naresh Ameta (Mumbai)
नरेश अमेटा (मुंबई), प्रात:काल समाचार वेबसाइट के अनुभवी संवाददाता हैं। मुंबई से कार्यरत नरेश जी समाचार की सटीकता और निष्पक्षता के लिए जाने जाते हैं। वे प्रमुख राष्ट्रीय और स्थानीय खबरों की रिपोर्टिंग करते हैं और अपने विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण से पाठकों को घटनाओं की गहरी समझ प्रदान करते हैं। नरेश जी की लेखनी में तथ्यपरक जानकारी के साथ-साथ घटनाओं की ताज़ा और भरोसेमंद प्रस्तुति देखने को मिलती है, जो प्रात:काल के पाठकों के लिए समाचार अनुभव को और समृद्ध बनाती है।
