मुंबई। दिवाली के अवसर पर सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए मुंबई भाजपा के उपाध्यक्ष एवं पूर्व नगरसेवक अभिजीत सामंत और वार्ड क्रमांक 84 की नगरसेविका अंजली अभिजीत सामंत ने मुख्यमंत्री सहायता निधि में 3 लाख रुपये का योगदान दिया। सामंत दंपति ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से सद्भावना मुलाकात कर राज्य में सूखे की स्थिति से जूझ रहे संकटग्रस्त नागरिकों की सहायता के लिए 3 लाख रुपये का चेक सौंपा।

इस मुलाकात के दौरान सामंत दंपति ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को अंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ ही भगवान विठ्ठल माऊली, संत ज्ञानेश्वर महाराज और संत तुकाराम महाराज की सुंदर शिल्पमूर्तियां भेंट कीं।

अभिजीत और अंजली सामंत ने कहा कि दिवाली केवल खुशियां मनाने का पर्व नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद और संकटग्रस्त लोगों के जीवन में रोशनी फैलाने का अवसर भी है। संकट की घड़ी में समाज के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन करना ही सच्ची जनसेवा है।

सामंत दंपति इससे पहले भी विभिन्न सामाजिक और राहत कार्यों में सक्रिय रहे हैं। पिछले साल मराठवाड़ा में सीना नदी के किनारे आई बाढ़ के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से बाढ़ प्रभावितों तक 3 टन राहत सामग्री पहुंचाई थी। इसके अलावा मुख्यमंत्री राहत कोष में 6.5 लाख रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की थी।

इसी तरह, कोकण में आए निसर्ग और तौकते तूफान के दौरान भी सामंत दंपति ने प्रभावित लोगों की मदद के लिए बड़े पैमाने पर राहत सामग्री उपलब्ध कराई थी। इसमें अनाज, दवाइयां, सोलर लैंप, छत के पतरे और दूध पाउडर जैसी आवश्यक वस्तुएं शामिल थीं।

दिवाली पर मुख्यमंत्री सहायता निधि में दिए गए 3 लाख रुपये का यह योगदान सामंत दंपति की पूर्व में की गई राहत गतिविधियों की कड़ी है। सूखा प्रभावित नागरिकों की सहायता के लिए की गई इस पहल के साथ उन्होंने जरूरतमंदों तक मदद पहुंचाने के अपने सामाजिक प्रयासों को जारी रखा है।

Next Story