मुंबई के कुर्ला पश्चिम के सुंदर बाग क्षेत्र में स्थित भावेश ज्वेलर्स में रविवार दोपहर एक महिला ठग को प्रवासी ज्वेलर की सतर्कता से रंगेहाथ पकड़ लिया गया। यह वही महिला थी जिसने कुछ महीने पहले इसी दुकान से नकली मंगलसूत्र गिरवी रखकर 40 हजार रुपये की ठगी की थी। दुकान मालिक की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से न केवल महिला पकड़ी गई, बल्कि उसके साथी को भी पुलिस ने कुछ ही दूरी से गिरफ्तार कर लिया।

घाटकोपर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सतीश यादव ने बताया कि गिरफ्तार महिला की पहचान मिनाज शेख (30) के रूप में हुई है, जबकि उसका सहयोगी सेवाराम कुमावत राजस्थान के राजसमंद जिले के कांकरोली का रहने वाला है। प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि मिनाज शेख के खिलाफ मुंबई के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में ठगी के कई मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी नकली आभूषणों पर सोने की कोटिंग कर गलत हॉलमार्क लगाते थे और उन्हें असली बताकर गिरवी रखते थे।

भावेश ज्वेलर्स के मालिक रमेश ढालावत (जैन), जो मूल रूप से राजस्थान के रेलमगरा (राजसमंद) के निवासी हैं, ने बताया कि 21 मई को उनकी अनुपस्थिति में एक बुरखाधारी महिला दुकान पर आई थी। उसने खुद को चेंबूर के एक ज्वेलर का ग्राहक बताते हुए लगभग एक तोले का मंगलसूत्र गिरवी रखा और 40 हजार रुपये नकद ले गई। बाद में जब दुकान में रखे सभी आभूषणों की जांच की गई तो वह मंगलसूत्र नकली निकला।

रविवार को वही महिला फिर से उसी तरह का नकली मंगलसूत्र और बिल लेकर दुकान पर पहुंची। रमेश ढालावत ने बताया कि जब उन्होंने बिल पर शंका जताई और गूगल पर दिए गए ज्वेलर का नंबर निकालने की कोशिश की, तो महिला घबरा गई और दुकान से भागने लगी। उन्होंने तुरंत दुकान में मौजूद अन्य महिला ग्राहकों की मदद से उसे रोक लिया।

घटना के दौरान महिला ने खुद को छुड़ाने की कोशिश में मारपीट भी की और शटर बंद करने की कोशिश की। रमेश ढालावत ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला को हिरासत में लिया। कुछ ही दूरी पर खड़े उसके साथी सेवाराम कुमावत को भी पुलिस ने दबोच लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी महिला ने घाटकोपर और आसपास के कई इलाकों में इसी तरह ज्वेलर्स को निशाना बनाया था। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह में और कौन-कौन शामिल है तथा अब तक कितनी दुकानों को ठगी का शिकार बनाया गया है।

घाटकोपर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों द्वारा उपयोग किए गए नकली हॉलमार्क और आभूषणों की जांच फॉरेंसिक टीम से कराई जाएगी।

मुंबई में ज्वेलर्स के साथ लगातार बढ़ती ठगी की घटनाओं के बीच यह मामला एक बड़ी चेतावनी के रूप में सामने आया है। प्रवासी ज्वेलर रमेश ढालावत की तत्परता और सावधानी ने न केवल एक ठगी रोक दी, बल्कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई का रास्ता भी साफ किया है।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story