मुंबई। कांदिवली के शांत माने जाने वाले क्षेत्र में पानी के पाइप तोड़े जाने को लेकर शुरू हुआ छोटा-सा विवाद रविवार रात अचानक हिंसा में बदल गया। देखते ही देखते दोनों पक्ष एक-दूसरे पर टूट पड़े और मारपीट का यह दृश्य सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसमें एक युवक को बेरहमी से पिटते हुए साफ देखा जा सकता है। घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है।

हंगामे के दौरान जब स्थानीय लोग बीच-बचाव के इरादे से सामने आए, तो उन पर भी पत्थरों से हमला कर दिया गया। इस अचानक भड़की झड़प में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा, एक वर्षीय बच्चा और दो महिलाओं सहित कई लोग घायल हो गए। घायलों की चीख-पुकार और हिंसा की अनियंत्रित स्थिति ने क्षेत्र के नागरिकों को गहरे सदमे में डाल दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में तनावपूर्ण घटनाएं बढ़ती जा रही हैं, लेकिन पुलिस गंभीरता से ध्यान नहीं दे रही।

वारदात के बाद कुरार पुलिस ने मामले को सामान्य धाराओं के तहत दोनों पक्षों के खिलाफ क्रॉस एफआईआर दर्ज की है। एक शिकायत के आधार पर प्रमोद शिगम के खिलाफ मामला दर्ज किया गया, जबकि उनकी शिकायत पर अक्षय, गोविंद, शैलेष और एक अज्ञात व्यक्ति पर मारपीट से संबंधित धाराओं में एफआईआर हुई है। हालांकि घटना में घायल हुई महिलाओं और बच्चों की ओर से अब तक कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है, जिससे स्थानीय निवासियों में नाराजगी बढ़ गई है।

क्षेत्रवासियों का आरोप है कि पुलिस आए दिन होने वाले ऐसे विवादों को हल्के में लेती है। उनका कहना है कि गंभीर मामलों में भी जब हल्की धाराओं में कार्रवाई की जाती है, तो अपराधियों का मनोबल बढ़ता है। एक स्थानीय निवासी ने कहा कि यदि समय रहते सख्त कदम उठाए गए होते, तो स्थिति इतनी भयावह नहीं होती। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में कोई बड़ी घटना घटती है, तो इसकी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन को लेनी होगी।

कांदिवली में हुए इस हिंसक टकराव ने न केवल कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं बल्कि इलाके में सुरक्षा को लेकर लोगों की चिंताओं को भी गहरा कर दिया है। निवासी अब पुलिस से ठोस और निर्णायक कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोका जा सके

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story