मुंबई के मलाड में श्रद्धा का महासंगम: पार्श्व भैरव महाभक्ति में उमड़ा आस्था का सैलाब, गूंजे जयकारे
मुंबई के मलाड में प्रयास यूथ ग्रुप द्वारा आयोजित 'पार्श्व भैरव महाभक्ति' में श्रद्धा का सैलाब उमड़ा। श्रीनाकोड़ा पार्श्वनाथ और भैरवजी की शोभायात्रा, मेवाड़ी वेशभूषा, छप्पन भोग और सुरीले भजनों ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस भव्य धार्मिक आयोजन में समाज के गणमान्य जनों और महिला मंडल ने सक्रिय भागीदारी निभाकर भक्ति की नई मिसाल पेश की।

मुंबई। महानगर के मलाड पश्चिम स्थित शिवाजी चौक उस समय भक्ति के अलौकिक रंग में रंग गया जब 'प्रयास यूथ ग्रुप' द्वारा आयोजित श्रीनाकोड़ा पार्श्वनाथ एवं लाडले देव श्रीभैरवजी को समर्पित 'पार्श्व भैरव महाभक्ति' का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। श्रद्धा और अटूट विश्वास के इस महाकुंभ में भक्तों का ऐसा रेला उमड़ा कि समूचा क्षेत्र भक्तिमय जयघोष से गुंजायमान हो उठा। आयोजन की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि दोपहर में जब प्रभु का वरघोड़ा निकाला गया, तो रथ में विराजमान परमात्मा की एक झलक पाने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। मेवाड़ी और रजवाड़ी वेशभूषा में सजे-धजे भक्त एक अलग ही सांस्कृतिक छटा बिखेर रहे थे, जो मुंबई की सड़कों पर राजस्थान की पारंपरिक विरासत को जीवंत कर रही थी। यह शोभायात्रा महानगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होती हुई भक्ति मंडप पहुंची, जहां संगीत और धार्मिक उल्लास ने वातावरण को आनंदित कर दिया।
इस ऐतिहासिक महाभक्ति महोत्सव का सफल संचालन प्रयास यूथ ग्रुप मलाड के समर्पित सदस्यों राकेश धाकड़, राजेश कच्छारा, देवेंद्र राठौड़, अशोक बाफना, पैलेस मेहता, गौतम भंडारी, महेंद्र धाकड़, राजेश नानावती, मुकेश धाकड़, जयंती मादरेचा, सुभाष दुग्गड़, रमेश मादरेचा, बाबूलाल दुग्गड़ और अशोक मादरेचा के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान गीतकार विराग मधु मालती एवं उनकी संगीतज्ञ टीम ने अपनी मखमली आवाज और भक्ति रचनाओं से उपस्थित जनसमूह को भाव-विभोर कर दिया। राकेश धाकड़ ने बताया कि विधि-विधान के साथ मंदिर में प्रभु को विराजमान कर महाआरती, हवन एवं अग्नि स्थापना की गई, जिसमें भक्तों ने श्रद्धापूर्वक आहुतियां दीं। प्रभु और भैरव दादा की आरती के पश्चात उन्हें छप्पन भोग का नैवेद्य अर्पण किया गया, जो आकर्षण का केंद्र रहा।
आयोजन की गरिमा को बढ़ाते हुए विशेष सहयोगियों का सम्मान भी किया गया। पैलेस मेहता के अनुसार, मोलेला निवासी मलाड प्रवासी बसंती बाई भेरुलाल प्रकाशचंद्र ललिता कल्पेश ज्योति कियाना दिव्यांश बोहरा, ऋषभ, गीता, इशिका बोहरा, पूनम, राजेश एवं प्रिस्का भंडारी के विशिष्ट योगदान के लिए उनका अभिनंदन किया गया। साथ ही आगामी भक्ति के सहयोगी प्रकाश मेहता, किशोर सोलंकी और मांगीलाल धींग के प्रति भी आभार व्यक्त किया गया। इस पुनीत कार्य में महिला मंडल की सक्रियता भी सराहनीय रही, जिसमें प्रीति धाकड़, रोहिणी कोठारी, वनिता राठौड़, पिंकी मेहता, रेखा भंडारी, जयश्री मादरेचा, मीना बापना, सीमा कच्छारा, नूतन धाकड़, संगीता नानावटी, नीरू दुगड, मंजू बाफना, विधा मेहता, कुसुम कोठारी, पिंकी मादरेचा, पुष्पा सूर्या, भावना कोठारी, रितु मेहता, रिंकू राठौड़, स्वीटी मादरेचा, संध्या कच्छारा, केसर राठौड़, रेखा मेहता, लीला धींग और नीता नेता सोलंकी ने अपनी सेवाओं से आयोजन को सफल बनाया। अंततः सभी श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया, जिससे इस आध्यात्मिक उत्सव का समापन पूर्णता और संतुष्टि के साथ हुआ।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
