मुंबई।

सोने के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बीच महानगर मुंबई में आभूषण लूट की वारदातें भी तेजी से बढ़ रही हैं। ताजा मामला नवी मुंबई के सीवूड नेरुल क्षेत्र से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े हथियार के दम पर एक प्रवासी ज्वेलर की दुकान से लाखों रुपये के सोने के आभूषण लूट लिए गए। इस सनसनीखेज वारदात ने न केवल स्थानीय व्यापारियों बल्कि आम नागरिकों में भी भय का माहौल पैदा कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्थान के राजसमंद जिले के झौर निवासी सुनिल नारायणलाल शर्मा की सीवूड सेक्टर-42ए, नेरुल में “संगम गोल्ड” नामक आभूषण की दुकान है। सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे, जब दुकानदार अकेले दुकान में मौजूद थे, तभी तीन नकाबपोश लुटेरे बुरखा पहनकर दुकान में दाखिल हुए। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पहले दुकानदार कुछ समझ पाते, उससे पहले एक लुटेरे ने रिवाल्वर निकालकर उन्हें भयभीत कर अपने कब्जे में ले लिया।

इस दौरान अन्य दो लुटेरों ने दुकान के डिस्प्ले में रखी सोने की ट्रे को खाली करते हुए सभी आभूषण एक बैग में भर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने दुकानदार को दुकान के भीतर बने सेफ रूम में बंद कर दिया और मौके से फरार हो गए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार लुटे गए आभूषणों का वजन करीब 225 ग्राम बताया जा रहा है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 31 लाख रुपये आंकी गई है।

लुटेरों के फरार होने के बाद किसी तरह बाहर निकले दुकानदार ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के व्यापारी मौके पर पहुंचे। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय एनआरआई सांगरी पुलिस स्टेशन को दी गई, जहां मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरी लूट की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस बदमाशों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि पीड़ित ज्वेलर ने करीब एक वर्ष पूर्व ही आभूषण व्यवसाय की शुरुआत की थी। इससे पहले उनकी प्लायवुड की दुकान थी, जो अब भी संचालित है और जिसमें उनका भाई बैठता है। इस घटना के बाद क्षेत्र के आभूषण व्यापारियों में गहरा भय व्याप्त है और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। दिनदहाड़े हुई इस लूट ने एक बार फिर महानगरों में व्यापारिक सुरक्षा की चुनौती को उजागर कर दिया है।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story