मुंबई: कल्याण में मेडिकल सेक्टर के नाम पर एक चौंकाने वाला घोटाला सामने आया है। यहां एक डॉक्टर और एक फार्मासिस्ट से अस्पताल और मेडिकल स्टोर दिलाने का झांसा देकर 70 लाख रुपए की ठगी की गई है। पुलिस ने इस मामले में एक डॉक्टर दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।

मामला मई 2024 का है। आरोपियों ने दावा किया था कि वे आरटीओ ऑफिस के पास एक इमारत में 50 बेड का आधुनिक अस्पताल बनाने जा रहे हैं। उन्होंने पीड़ित डॉक्टर और फार्मासिस्ट को अस्पताल के भीतर मेडिकल स्टोर दिलाने का लालच दिया। इसके बदले में 80 लाख रुपए की मांग की गई। काफी बातचीत के बाद दोनों पक्षों के बीच एग्रीमेंट हुआ और पीड़ितों ने 70 लाख रुपए चेक के जरिए आरोपी दंपति को सौंप दिए।

एग्रीमेंट के समय यह आश्वासन दिया गया था कि तीन महीने के भीतर अस्पताल शुरू हो जाएगा और मेडिकल स्टोर भी चालू कर दिया जाएगा। लेकिन तय समय बीत जाने के बाद न तो अस्पताल तैयार हुआ और न ही मेडिकल स्टोर की कोई व्यवस्था की गई। जब पीड़ितों ने पैसा वापस करने की मांग की तो आरोपी दंपति लगातार टालमटोल करने लगे।

लंबे समय तक ठगे जाने का अहसास होने पर डॉक्टर और फार्मासिस्ट ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी दंपति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह ठगी सिर्फ एक-दो लोगों तक सीमित नहीं हो सकती। संभावना है कि इस जाल में और भी डॉक्टर, फार्मासिस्ट तथा पैथोलॉजी संचालक फंसे हों। जांच के दौरान और पीड़ित सामने आ सकते हैं।


पुलिस अब यह भी पड़ताल कर रही है कि आरोपी दंपति अकेले इस ठगी को अंजाम दे रहे थे या फिर इसके पीछे कोई और नेटवर्क काम कर रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।

फिलहाल पीड़ित डॉक्टर और फार्मासिस्ट न्याय की उम्मीद में पुलिस कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं, जबकि मेडिकल सेक्टर से जुड़े अन्य लोग भी इस घटना से सतर्क हो गए हैं।

Manyaa Chaudhary

Manyaa Chaudhary

यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।

Next Story