नालासोपारा पूर्व में मंदिर से पूजा कर घर लौट रही 50 वर्षीय महिला के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हुए आरोपी को मीरा-भाईंदर, वसई-विरार पुलिस की वसई क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस से बचने के लिए उत्तर प्रदेश भाग गया था। पुलिस ने तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रेस कर उसे कोतवाली पुलिस स्टेशन क्षेत्र से दबोच लिया।

जानकारी के अनुसार, नालासोपारा पूर्व के आचोले लिंक रोड स्थित सारस्वत बैंक के पास रहने वाली रश्मि दुर्विता की 50 वर्षीय परिचित आशा नरेंद्रगिरी मंदिर में पूजा करने के बाद घर लौट रही थीं। इसी दौरान बाइक सवार एक अज्ञात युवक पीछे से आया और उनके गले से 12 ग्राम वजन की सोने की चेन छीनकर मौके से फरार हो गया। छीनी गई चेन की कीमत लाखों रुपये बताई गई है।

घटना के बाद महिला की शिकायत पर आचोले पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज की गई। मामले की जांच वसई क्राइम ब्रांच यूनिट-2 के पुलिस निरीक्षक नितीन पाटील के मार्गदर्शन में शुरू की गई। जांच टीम में सहायक पुलिस निरीक्षक सुनील पवार, अजीत गीते, संतोष घाडगे, मुकेश पवार, रवींद्र पवार, मनोज मोरे, चंदन मोरे, प्रफुल पाटिल, सचिन पाटिल, जगदीश गोवारी, दादा अडके, राहुल करपे, अनिल साबले और अक्षय बांगर शामिल थे।

पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता से आरोपी का हुलिया प्राप्त किया। इसके आधार पर उसकी पहचान करने के बाद लोकेशन ट्रेस की गई। जांच-पड़ताल और तकनीकी सहायता से पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी नालासोपारा पूर्व के प्रगति नगर में अपने परिवार के साथ रहता है। इसके बाद टीम उसे पकड़ने के लिए नालासोपारा पहुंची, लेकिन पुलिस की भनक लगते ही आरोपी वहां से फरार हो गया।

इसके बाद पुलिस टीम ने तकनीकी माध्यमों से आरोपी का पीछा जारी रखा। लगातार प्रयासों के बाद उसे उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में कोतवाली पुलिस स्टेशन क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आदिल उर्फ अरमान इबरार सिद्दीकी (32 वर्ष) के रूप में हुई है। आगे की जांच के लिए उसे आचोले पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है।

पुलिस की आगे की जांच में आरोपी का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया। जानकारी के मुताबिक, उसने पांच साल पहले एक व्यक्ति की हत्या की थी और इस मामले में पांच साल जेल में रहा था। जमानत पर बाहर आने के बाद उसने चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, वारदात के बाद उत्तर प्रदेश भाग जाने के बावजूद वह पुलिस की पकड़ से बच नहीं सका। नालासोपारा में हुई चेन स्नैचिंग के मामले में उसकी गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने फरार आरोपी को कानून के शिकंजे में ले लिया है।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story