हादसे का विवरण

टोंक के सदर थाना क्षेत्र में बनास नदी की पुलिया पर मंगलवार की देर शाम को कंटेनर और ट्रेलर के बीच भीषण टक्कर होने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दरअसल NH-52 हाईवे से कंटेनर और ट्रेलर जयपुर की ओर जा रहे थे, इस दौरान बनास नदी की पुलिया पर दोनों भारी वाहनों के बीच भीषण टक्कर हो गई।

मशक्कत और बचाव कार्य

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर पुलिया के गेप के बीच जाकर झूल गया और कंटेनर के पीछे ट्रेलर की केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से चालक महावीर अंदर फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही टोंक सिटी सीओ मृत्युंजय मिश्रा और सदर थाना एसएचओ जयमल सिंह राठौड़ जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस ने वन-वे ट्रैफिक शुरू कर स्थानीय लोगों और क्रेन की मदद से चालक को बाहर निकलने का तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।

पुलिस ने करीब ढ़ाई घंटे की मशक्कत के बाद ट्रेलर चालक महावीर को बाहर निकाल गंभीर हालत में उपचार के लिए सआदत अस्पताल भिजवाया, जहां उसका उपचार जारी है।

हादसे के दौरान एक अन्य घायल

वहीं पुलिया पर घटनास्थल पर हादसे को देखने के दौरान एक युवक हनुमान गुर्जर पुलिया के नीचे जा गिरा, जिसे पुलिस ने इलाज के लिए टोंक के सआदत अस्पताल भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रैफर कर दिया।

प्रत्यक्षदर्शियों की रिपोर्ट और जांच

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक: "आगे चल रहे कंटेनर के पीछे से आ रहे ट्रेलर के ब्रेक नहीं लग पाए, जिससे ट्रेलर सीधे कंटेनर से जा भिड़ा।"

फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।

Next Story