किसान मॉल पहुंचे श्री महेश पब्लिक स्कूल के नन्हे विद्यार्थी, सीखी खेती की अहमियत
श्री महेश पब्लिक स्कूल के नन्हे विद्यार्थियों ने किसान मॉल भ्रमण में फल-सब्जियों, पोषण और खेती से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं।

तस्वीर में श्री महेश पब्लिक स्कूल के नन्हे विद्यार्थी और शिक्षक किसान मॉल के भीतर हरी सब्जियों और फलों के काउंटर के पास खड़े होकर उनके बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए।
श्री महेश पब्लिक स्कूल प्राइमरी विंग के प्लेग्रुप से यूकेजी तक के नन्हे विद्यार्थियों ने शुक्रवार को शैक्षणिक भ्रमण के तहत किसान मॉल का दौरा किया। इस भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को फलों और सब्जियों की पहचान, उनके पोषण संबंधी महत्व तथा खेती और प्रकृति के प्रति जागरूक करना रहा।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने किसान मॉल में उपलब्ध विभिन्न प्रकार के ताजे फलों, हरी सब्जियों और ग्रोसरी अनुभाग का अवलोकन किया। शिक्षकों ने बच्चों को फलों एवं सब्जियों के नाम, रंग, आकार, उपयोगिता तथा स्वास्थ्य के लिए उनके महत्व की जानकारी सरल और रोचक तरीके से दी।
इस दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि किसान किस प्रकार मेहनत कर खेतों में फल और सब्जियों का उत्पादन करते हैं तथा ये उत्पाद खेतों से हमारी थाली तक किस प्रक्रिया से पहुंचते हैं। बच्चों ने उत्साह के साथ नई जानकारियां प्राप्त कीं और कृषि से जुड़े विषयों को करीब से समझा।
विद्यालय की प्राचार्या निधि झा भार्गव ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान, अवलोकन क्षमता और आत्मविश्वास के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
श्री महेश सेवा समिति के अध्यक्ष श्री ओमप्रकाश जी नराणीवाल ने कहा कि ऐसे अनुभव बच्चों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ प्रकृति और अन्नदाता के प्रति सम्मान की भावना को भी मजबूत करते हैं।
समिति के सचिव श्री राजेन्द्र जी कचोलिया ने अपने संदेश में कहा कि बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही कृषि और प्रकृति से जोड़ना आवश्यक है। किसान मॉल का यह भ्रमण उनकी जिज्ञासा और सीखने की क्षमता को नई दिशा प्रदान करेगा।
कोषाध्यक्ष श्री राजेश जी बाहेती ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण बच्चों को कक्षा में प्राप्त ज्ञान को वास्तविक जीवन से जोड़ने का अवसर देते हैं।
संस्था के निदेशक एवं विद्यालय प्रभारी दिनेश जी शारदा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में कृषि के प्रति रुचि, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और किसानों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विद्यालय परिवार ने किसान मॉल के समस्त सहयोगियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। यह शैक्षणिक भ्रमण बच्चों को सीखने के साथ-साथ प्रकृति और कृषि जीवन से जुड़ने का अवसर प्रदान करने वाला रहा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
