समुद्रपुर। वर्धा के जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी अरविंद उपरीकर ने समुद्रपुर तहसील के विभिन्न गांवों का दौरा कर कृषि विभाग की योजनाओं के तहत किए गए कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किसानों के खेतों में पहुंचकर कृषि उपकरणों, फूलों की खेती और कृषि यंत्रों से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। साथ ही गिरड स्थित मगन संग्रहालय में संचालित कृषि आधारित प्रसंस्करण उद्योगों का भी निरीक्षण किया और किसानों से संवाद किया।

दौरे के दौरान मौजा भवानपुर में किसान भीमराव भंडारे के खेत में लगाए गए स्प्रिंकलर सेट की जांच की गई। इसके बाद मौजा येदलाबाद में मोहसीन कादिर सिद्दिकी के खेत में एकीकृत बागवानी विकास अभियान (MIDH) के तहत की जा रही फूलों की खेती का जायजा लिया गया।

मौजा गिरड में नलिनी दंडारे को राज्य कृषि यंत्रीकरण योजना के अंतर्गत वितरित ट्रैक्टर का निरीक्षण किया गया। वहीं, मौजा आर्वी में वामन बंडूजी बारेकर द्वारा उप कृषि यंत्रीकरण अभियान के तहत स्थापित कृषि उपकरण बैंक की जांच की गई।

इसके बाद जिला अधीक्षक कृषि अधिकारी ने गिरड स्थित मगन संग्रहालय का दौरा किया। यहां उन्होंने दाल मिल प्रसंस्करण उद्योग, तेलघाना, कपास प्रसंस्करण उद्योग और संग्रहालय की विभिन्न गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान कृषि उत्पादों पर आधारित प्रसंस्करण उद्योगों तथा किसान केंद्रित गतिविधियों के बारे में जानकारी प्राप्त की।

इस क्षेत्रीय दौरे के दौरान तालुका कृषि अधिकारी हर्षदा खेकारे, मंडल कृषि अधिकारी गिरड रामू धनविजय, उप कृषि अधिकारी गिरड-2 अनिल खरसे, सहायक कृषि अधिकारी प्रकाश पोहनकर, सहायक कृषि अधिकारी राम आरगडे, मगन संग्रहालय के समन्वयक गजानन गारघाटे, पूर्व सरपंच विलास नवघरे सहित किसान उपस्थित रहे।

Next Story