समुद्रपुर के विद्या विकास स्पोर्टिंग क्लब के दो खिलाड़ियों ने इंदौर में आयोजित सीनियर एंड मास्टर किकबॉक्सिंग चैंपियनशिप में महाराष्ट्र का प्रतिनिधित्व करते हुए दो कांस्य पदक हासिल किए। 8 सितंबर से 12 सितंबर 2026 तक इंदौर के पुष्प वाटिका में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों के बीच मुकाबले हुए।



पांच दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न वजन वर्गों के साथ किकबॉक्सिंग के 7 प्रकारों में रिंग फाइट और ततामी फाइट के मुकाबले आयोजित किए गए। प्रतियोगिता में 32 राज्य और 4 केंद्रशासित प्रदेशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। देशभर से सीनियर और मास्टर वर्ग के 1300 खिलाड़ियों, 200 कोचों और 60 ऑफिशियल्स ने प्रतियोगिता में सहभागिता दर्ज की।

किकबॉक्सिंग की राष्ट्रीय स्पर्धा में वाको वर्धा के माध्यम से विद्या विकास स्पोर्टिंग क्लब के 2 खिलाड़ियों और एक रेफरी ने महाराष्ट्र संघ की ओर से प्रतिनिधित्व किया। खिलाड़ियों ने विभिन्न राज्यों के खिलाड़ियों को हराते हुए दो कांस्य पदक अपने नाम किए।

रिधा रफीक पठान ने लो किक के -70 किलो वजन वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। वहीं, सानिया संजय उरकुड़े ने -60 किलो वजन वर्ग के के-वन प्रकार में कांस्य पदक जीता। दोनों खिलाड़ियों ने पदक हासिल कर वर्धा जिले का नाम रोशन किया।

राष्ट्रीय स्पर्धा में भाग लेने के लिए खिलाड़ियों को जाम के समाजसेवक सनी बाबु पटेल, जाम के पूर्व सरपंच सचिन गावंडे, समाजसेवक गजुभाऊ देशमुख, प्रफुल चौधरी, राजु खेड़कर और कंत्राकदार विपिन भाऊ ने आर्थिक सहयोग किया। इस सहयोग के माध्यम से खिलाड़ियों को राष्ट्रीय किकबॉक्सिंग स्पर्धा में खेलने के लिए सहायता मिली।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर विद्या विकास शिक्षण संस्था हिंगणघाट के अध्यक्ष डॉ. उमेशजी तुळसकर, सचिव तथा हिंगणघाट नगरपरिषद की अध्यक्षा डॉ. नयना शिरभाते, विद्याविकास महाविद्यालय के प्राचार्य मेघश्यामजी ढाकरे, विद्या विकास महाविद्यालय इंडोर स्टेडियम के क्रीड़ा प्रमुख प्रदीप कापकर, किकबॉक्सिंग कोच एवं अमेच्यूर किकबॉक्सिंग असोसिएशन ऑफ वर्धा डिस्ट्रिक्ट के सचिव प्रशिक्षक क्रिष्णा ढोबळे, डॉ. राजकुमार रामटेके, डॉ. नितिन अखुज, डॉ. विठोबा चन्दनखेड़े, प्रा. आदि शिक्षक वृंद उपस्थित रहे और खिलाड़ियों को शुभेच्छा दीं।

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में दो कांस्य पदक हासिल कर विद्या विकास स्पोर्टिंग क्लब के खिलाड़ियों ने अपनी उपलब्धि दर्ज की, जबकि खिलाड़ियों की भागीदारी में सहयोग करने वाले समाजसेवकों और संस्था के पदाधिकारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story