वसई कोर्ट में रिश्वत लेते सरकारी वकील भूपेश पुरंदरे गिरफ्तार
ठाणे एंटी करप्शन ब्यूरो ने 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते स्पेशल असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर को रंगे हाथ दबोचा, जब्त प्रॉपर्टी वापसी के एवज में मांगी थी घूस।

वसई कोर्ट परिसर में एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई में एक सरकारी वकील को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। ठाणे एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने 21 मई 2026 को जाल बिछाकर स्पेशल असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर भूपेश अजीत पुरंदरे को रिश्वत लेते हुए धरदबोचा। कार्रवाई के बाद कोर्ट परिसर और संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता ने मानिकपुर पुलिस स्टेशन में एक मामला दर्ज कराया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने शिकायतकर्ता की प्रॉपर्टी जब्त कर ली थी। जब्त प्रॉपर्टी वापस लेने के लिए शिकायतकर्ता ने वसई कोर्ट के स्पेशल असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर भूपेश अजीत पुरंदरे को नियुक्त किया था। प्रॉपर्टी वापस दिलाने के लिए कोर्ट में एक आवेदन भी दायर किया गया था।
आरोप है कि 20 मई 2026 को उक्त आवेदन पर अपनी राय देने और प्रॉपर्टी वापस कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के बदले स्पेशल असिस्टेंट पब्लिक प्रॉसिक्यूटर भूपेश अजीत पुरंदरे ने शिकायतकर्ता से 25 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता अपनी ही प्रॉपर्टी वापस लेने के लिए रिश्वत देने को तैयार नहीं था। इसके बाद उसने एंटी करप्शन ब्यूरो, ठाणे डिवीजन में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलने के बाद सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस एंटी करप्शन ब्यूरो ठाणे रेंज शिवराज पाटिल, एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस सुहास शिंदे तथा भागवत सोनवणे के मार्गदर्शन में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने वसई कोर्ट में जाल बिछाया। 21 मई 2026 को आरोपी सरकारी वकील भूपेश अजीत पुरंदरे को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया।
एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। मामले की कानूनी प्रक्रिया जारी है। एंटी करप्शन ब्यूरो ठाणे डिवीजन ने नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी सरकारी कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगी जाती है या भ्रष्टाचार से जुड़ी कोई जानकारी हो तो इसकी शिकायत तुरंत एंटी करप्शन ब्यूरो से करें। यह कार्रवाई सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ एजेंसियों की सख्त कार्रवाई का बड़ा संदेश मानी जा रही है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
