राजुरा तालुका के छोटे से ग्रामीण कस्बे चुनाळा में इस वर्ष आस्था का अद्भुत सैलाब उमड़ रहा है। श्री तिरूपति बालाजी मंदिर की स्थापना के बीस वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 4 दिसंबर से 7 दिसंबर तक भव्य बीसवां ब्रह्मोत्सव सोहला आयोजित किया जा रहा है। चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों से लेकर सामाजिक सेवा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक का भव्य संगम देखने को मिलेगा।

स्थानीय भक्तों और ग्रामीणों के सहयोग से स्थापित श्री तिरूपति बालाजी देवस्थान ने इस वर्ष के ब्रह्मोत्सव को विशेष रूप से भव्य बनाने की तैयारी की है। प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा, मनःशांति, विश्वकल्याण और जीवमात्र के मंगल हेतु इस अवधि में अष्टोत्तर शत (108) कलश अभिषेक, श्री बालाजी कल्याणोत्सव, पुष्प यज्ञ और सुदर्शन महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। ये सभी अनुष्ठान आंध्रप्रदेश के विजयवाड़ा से पधारे प्रसिद्ध श्री शास्त्रपूर्ण पराशराम पट्टाभिरामाचार्यालू महाराज के शिष्य श्री लक्ष्मणाचार्यालू महाराज के मार्गदर्शन में संपन्न होंगे।

देवस्थान की ओर से हर वर्ष की तरह इस बार भी समाजसेवा को प्राथमिकता दी गई है। परिसर के आर्थिक रूप से कमजोर नेत्ररोगियों को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मेडिकल कॉलेज सेवाग्राम के सहयोग से 7 दिसंबर को निःशुल्क मोतियाबिंद जांच शिविर और कृत्रिम लेंस प्रत्यारोपण शस्त्रक्रिया का आयोजन किया गया है। यह सेवा शिविर सुबह 10 बजे आरंभ होगा।

ब्रह्मोत्सव का शुभारंभ 4 दिसंबर को सुबह ग्राम स्वच्छता अभियान और जनजागृति दिंडी के साथ होगा। इसके बाद रक्तदान शिविर, रक्त समूह जांच, ध्वजारोहण, नवग्रह पूजा और स्थानीय भजन मंडलों की संगीतमय प्रस्तुतियों से वातावरण भक्तिमय बनेगा।

5 दिसंबर को पंचामृत अभिषेक, अग्नि प्रतिष्ठा, वधू–वर निर्णयम तथा रात में विद्यालयीन छात्रों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

6 दिसंबर को नवग्रह पूजा, श्रीनिवास कल्याणम (श्री बालाजी विवाह), विशेष दाताओं का सत्कार, उत्सव मूर्तियों की 108 कलशों सहित दिव्य शोभायात्रा और लक्ष्मीनारायण हवन का आयोजन होगा।

7 दिसंबर को अवभृथ स्नान, चक्र स्नान और पूर्णाहुति के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। इसके बाद प्रसिद्ध कीर्तनकार ह.भ.प. पंकजपाल महाराज चुनाळा में गोपालकाला कीर्तन प्रस्तुत करेंगे। दोपहर में चुनाळा की सासर गई बेटियों और उनके जावयाओं का सत्कार होगा, जबकि 3 बजे मनोज मिश्रा की भजन संध्या और अंत में महाप्रसाद वितरण द्वारा उत्सव का समापन होगा।

देवस्थान के अध्यक्ष तथा पूर्व विधायक सुदर्शन निमकर, उपाध्यक्ष सुरेश सारड़ा, सचिव वाय. राधाकृष्ण तथा सभी समिति सदस्यों ने क्षेत्रवासियों से इस चार दिवसीय उत्सव का अधिकाधिक लाभ उठाने और सामाजिक–धार्मिक एकता को सुदृढ़ करने का आह्वान किया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story