छत्रपति संभाजीनगर ग्रामीण पुलिस ने महज 10 दिनों में अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरजिला देसी कट्टा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने 8 देसी कट्टे, 14 जिंदा कारतूस जब्त किए तथा 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर जिले के बाहर से संचालित हो रही अवैध हथियार आपूर्ति और तस्करी की पूरी श्रृंखला का खुलासा किया है।

पुलिस अधीक्षक प्रकाश जाधव के निर्देशानुसार जिले में अवैध हथियार रखने, उनकी खरीद-फरोख्त करने तथा समाज में दहशत फैलाने वाले अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। 13 जून से 22 जून 2026 के बीच की गई कार्रवाई में पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी और घेराबंदी कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया तथा हथियारों की सप्लाई चेन का पर्दाफाश किया।

बिडकीन क्षेत्र में स्थानीय अपराध शाखा ने गश्त के दौरान जाल बिछाकर गणेश शिवाजी उघडे निवासी मुलानी वाडगांव, पैठण को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1 देसी कट्टा और 5 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। आगे की जांच में पुलिस हथियार सप्लाई करने वाले डीलरों तक पहुंची और 3 अन्य देसी कट्टे तथा 3 जिंदा कारतूस बरामद किए। इस कार्रवाई में कुल 4 देसी कट्टे और 8 जिंदा कारतूस जब्त किए गए। मामले में अजय उर्फ रोमन हरिश्चंद्र शिंदे निवासी मांडवा, गंगापुर (डीलर), राष्ट्रपाल द्रविडराव तुपे निवासी उत्तर जायकवाड़ी, पैठण, आकाश भिमा इंगळे निवासी नेवासा, जिला अहिल्यानगर (डीलर), संतोष बाबुराव गायकवाड निवासी नेवासा, जिला अहिल्यानगर तथा निशांत उमेश पन्हाळे निवासी शेवगांव, जिला अहिल्यानगर (डीलर) को भी गिरफ्तार किया गया।

गंगापुर क्षेत्र में स्थानीय अपराध शाखा ने किशोर शिवनाथ जाधव निवासी अब्दुलपुर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 देसी कट्टा और 1 जिंदा कारतूस बरामद किया।

बिडकीन पुलिस की दूसरी कार्रवाई में आकाश रमेश निकम और लखन छोटीलाल राठोड़ को गिरफ्तार किया गया। दोनों के कब्जे से 2 देसी कट्टे और 4 जिंदा कारतूस जब्त किए गए।

अजिंठा क्षेत्र में पुलिस ने आबासाहेब काकासाहेब मिसाळ निवासी जानेफळ दाभाडी, जिला जालना को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1 देसी कट्टा और 1 जिंदा कारतूस बरामद किया।

सभी आरोपियों के विरुद्ध भारतीय शस्त्र अधिनियम, 1959 की धारा 3/25, 5/25, 25(1B)(A) एवं 27 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधीक्षक प्रकाश जाधव ने कहा कि जिले में अवैध हथियार रखने, खरीदने-बेचने और इनके माध्यम से दहशत फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर और लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है और कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

लगातार 10 दिनों तक चलाए गए इस विशेष अभियान में अंतरजिला हथियार तस्करी नेटवर्क का खुलासा होना ग्रामीण पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। कार्रवाई से अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

रिपोर्ट:

रुपेश ठाकुर

छत्रपति संभाजीनगर, महाराष्ट्र

मो.: 9518757171

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story