MSRTC के नए ब्रांड एंबेसडर बने रितेश-जेनेलिया; महाराष्ट्र की 'लालपरी' को मिला 'लय भारी' ग्लॅमर
महाराष्ट्र सरकार ने एसटी बस सेवा को आधुनिक बनाने और सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए रितेश और जेनेलिया देशमुख के साथ 5 साल का करार किया है।

लाल रंग की महाराष्ट्र एसटी बस के सामने खड़े अभिनेता रितेश देशमुख और अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख ब्रांड एंबेसडर के रूप में।
Ritesh Deshmukh Genelia Deshmukh ST Brand Ambassador : महाराष्ट्र की जीवनवाहिनी मानी जाने वाली राज्य परिवहन (ST) की 'लालपरी' अब एक नए और आधुनिक कलेवर में नजर आने वाली है। दशकों से राज्य के दुर्गम गांवों को शहरों से जोड़ने वाली एसटी बस सेवा को अब नया चेहरा मिल गया है। मराठी और बॉलीवुड फिल्म जगत की सबसे चहेती जोडी, रितेश देशमुख और जेनेलिया देशमुख को महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) का आधिकारिक ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया गया है। इस घोषणा के साथ ही ग्रामीण इलाकों की धड़कन कही जाने वाली लालपरी को अब फिल्मी गलियारों का ग्लॅमर और एक नई पहचान मिली है।
महाराष्ट्र की संस्कृति और पहचान का अभिन्न हिस्सा रही एसटी बसें आज भी लाखों लोगों के आवागमन का मुख्य साधन हैं। परिवहन विभाग ने निजी यात्रा विकल्पों की बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच एसटी को पुनर्जीवित करने और युवा पीढ़ी को सार्वजनिक परिवहन की ओर आकर्षित करने के लिए यह मास्टरस्ट्रोक खेला है। रितेश और जेनेलिया, जिन्होंने हाल ही में अपनी फिल्म 'राजा शिवाजी' से दर्शकों का दिल जीता है, अब अगले पांच वर्षों तक एसटी के प्रचार-प्रसार की कमान संभालेंगे।
पांच साल का ऐतिहासिक करार और 'रस्ता सुरक्षा अभियान'
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राज्य के परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने इस रणनीतिक साझेदारी की पहल की है। इस समझौते के तहत यह जोड़ी न केवल एसटी की छवि को आधुनिक बनाने का काम करेगी, बल्कि निगम द्वारा चलाए जाने वाले विभिन्न सामाजिक उपक्रमों और 'रस्ता सुरक्षा अभियान' (Road Safety Campaign) की ब्रांडिंग भी करेगी। यह चयन केवल लोकप्रियता के आधार पर नहीं, बल्कि रितेश-जेनेलिया की 'कुटुंबवत्सल' (पारिवारिक) छवि को ध्यान में रखकर किया गया है, जो सीधे तौर पर महाराष्ट्र के सामान्य परिवारों से जुड़ती है।
निःशुल्क सेवा और सामाजिक प्रतिबद्धता :
इस नियुक्ति की सबसे महत्वपूर्ण और सराहनीय बात यह है कि अभिनेता रितेश देशमुख ने इस सामाजिक और राजकीय जिम्मेदारी के लिए कोई भी मानधन (फीस) न लेने का निर्णय लिया है। परिवहन मंत्री ने स्पष्ट किया कि रितेश ने जनसेवा के इस कार्य में अपना योगदान देने के लिए बिना किसी व्यावसायिक लाभ के काम करने की इच्छा जताई है। यह कदम न केवल एसटी महामंडळ के प्रति उनके लगाव को दर्शाता है, बल्कि अन्य हस्तियों के लिए भी एक मिसाल पेश करता है।
विरासत और आधुनिकता का संगम :
एसटी के ब्रांड एंबेसडर की परंपरा काफी गौरवशाली रही है। इससे पहले दिग्गज अभिनेता दिवंगत विक्रम गोखले और मकरंद अनासपुरे जैसे कलाकारों ने लालपरी की साख को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी। अब उसी विरासत को आगे बढ़ाते हुए रितेश-जेनेलिया की जोड़ी एसटी को 'स्मार्ट' और 'आकर्षक' बनाने का काम करेगी।
📍 #मुंबई |
— Eknath Shinde - एकनाथ शिंदे (@mieknathshinde) April 22, 2026
महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडळ (एसटी) आणि परिवहन खात्यामार्फत राबविण्यात येणाऱ्या 'रस्ता सुरक्षा अभियाना'च्या जनजागृती उपक्रमाला बळकटी देण्यासाठी प्रसिद्ध अभिनेते रितेश देशमुख आणि अभिनेत्री जेनेलिया देशमुख यांची ब्रँड ॲम्बेसेडरपदी आज नियुक्ती करण्यात आली.
या… pic.twitter.com/E6owj7MMnP
मुख्य आकर्षण और समझौते की शर्तें इस प्रकार हैं:
- कार्यकाल: यह नियुक्ति आगामी 5 वर्षों के लिए प्रभावी होगी।
- मुख्य उद्देश्य: सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देना, यात्री सुरक्षा के प्रति जागरूकता और एसटी की सेवा में सुधारों का प्रचार करना।
- अभियान: आगामी समय में यह जोड़ी विभिन्न विज्ञापनों, डिजिटल कैंपेन और बस स्टैंड्स पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में नजर आएगी।
ग्रामीण महाराष्ट्र को वैश्विक पहचान दिलाने वाली लालपरी के लिए यह बदलाव एक नए अध्याय की शुरुआत है। रितेश-जेनेलिया के जुड़ने से अब यह उम्मीद जताई जा रही है कि एसटी बसें केवल परिवहन का साधन न रहकर, आधुनिक महाराष्ट्र की प्रगति का प्रतीक बनेंगी।

Ashiti Joil
यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।
