शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा महिलाओं और विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने व्यापक स्तर पर विशेष अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक श्रीकांत ढिवरे के निर्देश पर मंगलवार शाम से शहर और आसपास के क्षेत्रों में एक साथ कई स्थानों पर सघन कार्रवाई शुरू की गई, जिससे नियमों का उल्लंघन करने वालों और असामाजिक तत्वों में हड़कंप मच गया।

अभियान के तहत पुलिस ने सबसे पहले वाइन शॉप्स के आसपास के क्षेत्रों, खुले मैदानों तथा खाद्य स्टॉलों पर सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। जांच के दौरान ऐसे लोगों पर कानूनी प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर संचालित बिना अनुमति वाले होटल और ढाबों में अवैध रूप से शराब परोसने और सेवन कराने के मामलों पर भी पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है।

पुलिस की विशेष निगरानी स्कूलों, कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों के आसपास भी केंद्रित की गई है। शाम के समय तेज रफ्तार में वाहन चलाने वाले युवकों, स्टंटबाजों और सार्वजनिक शांति भंग करने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। विशेष रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर अत्यधिक शोर करने वाले बुलेट चालकों पर दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।

इसके अलावा शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर के दायरे में संचालित पान की दुकानों और तंबाकू बिक्री केंद्रों पर भी पुलिस की नजर है। ऐसे मामलों में संबंधित कानूनों के तहत सीधे प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं।

शहर के विभिन्न कैफे और OYO होटलों में भी आकस्मिक निरीक्षण शुरू कर दिया गया है। जांच के दौरान जहां भी नाबालिग लड़के-लड़कियां संदिग्ध परिस्थितियों में पाए जा रहे हैं, वहां कानूनी प्रक्रिया के तहत जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक श्रीकांत ढिवरे ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी। पुलिस प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, जिससे शहर में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत हो सके।

Jitendra Kotwal, Jalgaon

Jitendra Kotwal, Jalgaon

जितेंद्र कोतवाल, जलगांव – प्रात:काल न्यूज़ टीम के अनुभवी और समर्पित रिपोर्टर जितेंद्र कोटवाल जलगांव से ताज़ा और सटीक समाचार पहुंचाने में अपनी पहचान बना चुके हैं। स्थानीय मुद्दों, समाजिक घटनाओं और प्रशासनिक खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। जितेंद्र अपने निष्पक्ष दृष्टिकोण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को भरोसेमंद और समय पर जानकारी मिलती है। उनके लेखन में स्पष्टता और गंभीरता का समन्वय उन्हें प्रात:काल न्यूज़ का एक विश्वसनीय स्तंभ बनाता है।

Next Story