NEET-UG पुनर्परीक्षा से पहले NTA का बड़ा अलर्ट, फर्जी व्हॉट्सऐप और ई-मेल संदेशों से सतर्क रहने की सलाह
NEET-UG पुनर्परीक्षा से पहले NTA ने अभ्यर्थियों को फर्जी व्हॉट्सऐप, ई-मेल और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने की चेतावनी दी है। एजेंसी ने बताया कि आधिकारिक सूचना कैसे पहचानें और किन संदेशों से बचें।

पेपर लीक के बाद 21 जून को देश भर में आयोजित होने वाली NEET-UG पुनर्परीक्षा से ठीक पहले एनटीए ने अभ्यर्थियों को ठगी और भ्रामक संदेशों से सतर्क रहने के लिए आधिकारिक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
NEET-UG पुनर्परीक्षा से ठीक पहले राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने अभ्यर्थियों को साइबर ठगी और भ्रामक संदेशों से सावधान रहने की चेतावनी जारी की है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा से संबंधित सभी आधिकारिक सूचनाएं केवल उसके अधिकृत माध्यमों से ही जारी की जाएंगी और किसी भी अनधिकृत संदेश या लिंक पर भरोसा नहीं किया जाना चाहिए।
NTA के अनुसार, 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG पुनर्परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र डाउनलोड करने संबंधी स्मरण संदेश अभ्यर्थियों को एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से भेजे जा रहे हैं। हालांकि एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि ये संदेश केवल अधिकृत प्रेषकों द्वारा ही भेजे जाएंगे। प्रवेश पत्र और परीक्षा से जुड़ी सभी जानकारी NEET के आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएगी।
एजेंसी ने अभ्यर्थियों को विशेष रूप से व्हॉट्सऐप, ई-मेल और अन्य डिजिटल माध्यमों पर प्रसारित होने वाले फर्जी संदेशों से सतर्क रहने की सलाह दी है। NTA ने दोहराया कि वह किसी भी परिस्थिति में उम्मीदवारों से धनराशि की मांग नहीं करती और न ही प्रश्नपत्र, उत्तर कुंजी अथवा परीक्षा से संबंधित कोई गोपनीय जानकारी साझा करती है। यदि किसी अभ्यर्थी को इस प्रकार का कोई संदिग्ध संदेश, लिंक या प्रस्ताव प्राप्त होता है तो उस पर क्लिक न करने और तुरंत संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना देने का आग्रह किया गया है।
NTA ने यह भी बताया कि अभ्यर्थी किसी संदेश की प्रामाणिकता की जांच उसके प्रेषक की पहचान से कर सकते हैं। आधिकारिक व्हॉट्सऐप संदेशों के साथ नीला ‘वेरिफाइड टिक’ और ‘National Testing Agency’ का नाम प्रदर्शित होगा। ऐसे किसी भी संदेश को, जिसमें यह सत्यापन चिह्न मौजूद न हो, संदिग्ध मानकर नजरअंदाज करने की सलाह दी गई है। वहीं, आधिकारिक ई-मेल केवल no-reply@neet.nta@nic.in से ही भेजे जाएंगे।
गौरतलब है कि 3 मई को आयोजित NEET-UG परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के बाद 12 मई को रद्द कर दिया गया था। इस मामले की जांच वर्तमान में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) द्वारा की जा रही है। इसी क्रम में 21 जून को पुनर्परीक्षा आयोजित की जा रही है, जिसके मद्देनजर NTA ने अभ्यर्थियों की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए यह विशेष चेतावनी जारी की है।
पुनर्परीक्षा से पहले जारी यह अलर्ट लाखों अभ्यर्थियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि डिजिटल माध्यमों पर फैल रही भ्रामक सूचनाएं न केवल भ्रम पैदा कर सकती हैं, बल्कि साइबर ठगी का भी कारण बन सकती हैं। ऐसे में NTA ने उम्मीदवारों से केवल आधिकारिक स्रोतों पर भरोसा करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत शिकायत करने का आग्रह किया है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
