नासिक जिले के इगतपुरी तालुका स्थित भावली धरण क्षेत्र में एक महिला से कथित छेड़छाड़ के बाद पर्यटक परिवार पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने अब तक 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस घटना के बाद नासिक जिले में पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले की पर्यटन छवि प्रभावित न हो, इसके लिए संबंधित क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

नासिक जिला पर्यटन के प्रमुख केंद्रों में शामिल है, जहां विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक घूमने आते हैं। इगतपुरी तालुका में स्थित भावली धरण, नेकलेस झरना तथा आसपास के कई प्राकृतिक पर्यटन स्थल पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र हैं। रविवार को नासिक शहर का भागवत परिवार भी यहां घूमने पहुंचा था। इसी दौरान आरोप है कि दो स्थानीय युवकों ने परिवार की एक महिला से छेड़छाड़ की। इसके बाद भागवत परिवार के एक सदस्य ने आरोपियों में से एक से इस संबंध में जवाब मांगा।

परिवार वहां से आगे निकल गया, लेकिन पुलिस के अनुसार जवाब पूछे जाने से नाराज दोनों युवकों ने 10 से 12 अन्य लोगों को बुला लिया और भागवत परिवार का पीछा किया। पुलिस ने बताया कि 12 जुलाई को बाहुली धरण परिसर में यह घटना हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक व्यक्ति द्वारा सीटी बजाने की बात को लेकर पहले मामूली विवाद हुआ था। इसके बाद संबंधित पर्यटक वहां से निकल गए, लेकिन लगभग 7 से 8 किलोमीटर दूर उन्हें रोककर फिर विवाद किया गया, जो बाद में हमले में बदल गया।

इस मामले में विनयभंग, हत्या के प्रयास (Attempt to Murder), मारपीट और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसी गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी इगतपुरी, नांदगांव, माणिकखांब तथा आसपास के क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले से हत्या का मामला भी दर्ज है।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में आरोपियों की पहचान सीसीटीवी फुटेज, वीडियो और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर की गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। शुरुआत में मामला अंबड पुलिस थाने में दर्ज किया गया था, लेकिन घटनास्थल इगतपुरी पुलिस थाने की सीमा में होने के कारण आगे की जांच इगतपुरी पुलिस को सौंप दी गई है।

पुलिस ने कहा कि इस घटना का पर्यटन पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े, इसके लिए संबंधित क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बंदोबस्त लगाया गया है और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। फरार एक अन्य आरोपी सहित अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। साथ ही आरोपियों की मदद करने वालों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी पुलिस ने दी है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story