मीरा भाईंदर वसई विरार पुलिस आयुक्तालय के डिविजन-3 के पेल्हार पुलिस स्टेशन क्षेत्र में पिस्तौल की नोक पर बिल्डर के किडनैपिंग और 10 लाख रुपये की फिरौती वसूलने का मामला सामने आया। क्राइम ब्रांच विरार यूनिट-03 ने मामले की जांच शुरू कर महज कुछ ही घंटों में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से किडनैपिंग में इस्तेमाल कार, 10 लाख रुपये नकद और 71.04 ग्राम वजन के सोने के आभूषण बरामद किए गए, जिनकी कुल कीमत 40,75,000 रुपये बताई गई है।

घटना 2 अक्टूबर 2026 को गांधी जयंती के दिन नालासोपारा पूर्व स्थित पेल्हार पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, खारघर, नवी मुंबई निवासी बिल्डर संजीव रमाकांत शहा को कंस्ट्रक्शन साइट पर गाला खरीदने के बहाने रोहित और उसके दो साथियों ने होटल रेड कार्पेट में बुलाया था। आरोपियों ने बिल्डर से कहा कि वे गाला खरीद रहे हैं और उन्हें उसका पेमेंट करना है। इस झांसे में आकर बिल्डर होटल रेड कार्पेट पहुंच गया।

बिल्डर के होटल पहुंचते ही आरोपियों ने उसे काले रंग की क्रेटा कार नंबर M.H. 47/B.T. 9213 में जबरदस्ती बैठा लिया। पिस्तौल की नोक पर धमकाकर उसका किडनैप कर लिया गया। इसके बाद आरोपियों ने बिल्डर को जान से मारने की धमकी दी और सही-सलामत रिहाई के बदले 10,00,000 रुपये कैश और सोने के गहने फिरौती के तौर पर लिए। फिरौती देने के बाद बिल्डर को छोड़ दिया गया।

घटना के बाद बिल्डर संजीव रमाकांत शहा ने अपने साथ हुई वारदात की शिकायत पेल्हार पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई। पुलिस ने बीएनएस अधिनियम की धारा 140 (2), 308 (5), 351 (2), 351 (3) के साथ आर्म्स एक्ट, 1959 की धारा 3, 25 और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धारा 135 (3) के तहत मामला दर्ज किया।

दिनदहाड़े बिल्डर के किडनैपिंग और लाखों रुपये की फिरौती के मामले को गंभीरता से लेते हुए आला अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। आदेशानुसार क्राइम ब्रांच विरार यूनिट-03 ने पुलिस इंस्पेक्टर समीर शेख के मार्गदर्शन में जांच शुरू की। टीम में एपीआई अमोल तालेकर, मंगेश वडने, रामचंद्र पाटिल, शिवाजी पाटिल, किरण म्हात्रे, गोविंद केंद्र, प्रशांत पाटिल, राकेश पवार, इंद्रनील पाटिल, सुनील पाटिल, युवराज वाघमोड़े, सुमित जाधव, दत्तात्रय जाधव, आतिश पवार, तुषार दलवी, मनोहर तरडे आदि शामिल थे।

कुशल जांच, प्राप्त गोपनीय जानकारी और तकनीकी पीछा के आधार पर पुलिस ने आरोपी रोहित सुभाष जांगिड़, उम्र 27 वर्ष और वंश शिवकुमार गुप्ता उर्फ मोनू, उम्र 21 वर्ष को नालासोपारा पूर्व स्थित उनके निवास स्थान से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से किडनैपिंग में इस्तेमाल गाड़ी के साथ बिल्डर से फिरौती के तौर पर लिए गए 10 लाख रुपये नकद और 71.04 ग्राम वजन के सोने के आभूषण बरामद किए। बरामद कीमती सामान की कुल कीमत 40,75,000 रुपये बताई गई है।

गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आगे की जांच-पड़ताल के लिए पेल्हार पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया है। इस कार्रवाई के साथ पेल्हार क्षेत्र में बिल्डर के अपहरण और लाखों रुपये की फिरौती के मामले में पुलिस ने आरोपियों तक तेजी से पहुंचकर नकदी, आभूषण और वाहन बरामद किया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story