अमरावती जिले में अवैध गोवंश तस्करी के खिलाफ मोर्शी पुलिस ने एक सख्त और निर्णायक कार्रवाई करते हुए तस्करों की मंशा पर पानी फेर दिया। मोर्शी–अमरावती महामार्ग पर तलनी फाटे के पास की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने एक वाहन को रोककर उसमें ठूंस-ठूंसकर ले जाए जा रहे भैंस जाति के 12 गोवंशों की जान बचाई और लगभग 7 लाख 86 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मोर्शी पुलिस की अपराध शाखा के प्रकटीकरण पथक ने गुप्त सूचना के आधार पर जाल बिछाया। जैसे ही अवैध रूप से गोवंश ले जा रहा वाहन तलनी फाटे के पास पहुंचा, पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए वाहन को अपने कब्जे में ले लिया। जांच के दौरान वाहन से गोवंश की अवैध ढुलाई की पुष्टि हुई, जिसके बाद मौके पर ही आरोपी शेख राजिक शेख अमीर को गिरफ्तार कर लिया गया।

इस कार्रवाई में पुलिस ने वाहन सहित कुल 7 लाख 86 हजार रुपये का मुद्देमाल जब्त किया। सभी मवेशियों को तत्काल चारा-पानी उपलब्ध कराते हुए उनकी उचित देखरेख के लिए एक गौरक्षण संस्था में भेज दिया गया, जिससे उनकी जान को किसी प्रकार का खतरा न रहे।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस उपविभागीय अधिकारी संतोष खांडेकर के मार्गदर्शन और मोर्शी पुलिस स्टेशन के थाणेदार राहुल आठवले के नेतृत्व में अंजाम दी गई। इस ऑपरेशन में पुलिस उपनिरीक्षक आकाश शिवणकर, पुलिस अंमलदार छत्रपती करपते, स्वप्निल बायस्कर, अथर्व कोहळे तथा पुलिस वाहन चालक अब्दुल हबीब ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

फिलहाल इस प्रकरण में आगे की कानूनी कार्रवाई मोर्शी पुलिस स्टेशन में थाणेदार राहुल आठवले के नेतृत्व में जारी है। इस सफल कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध गोवंश तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है और पशु तस्करों में हड़कंप मच गया है।

Next Story