मोहगांव में धूमधाम से मना नंदी पोला, बाल गोपालों ने घर-घर जाकर लूटा उत्सव का आनंद
समुद्रपुर के मोहगांव में भव्य नंदी पोला मनाया गया। बालकों को पुरस्कार और स्कूल बैग देकर सम्मानित किया गया, ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे।

तस्वीर में एक बुजुर्ग व्यक्ति मोहगांव में बच्चे को स्कूल बैग देते हुए दिख रहे हैं।
महाराष्ट्र के समुद्रपुर में मोहगांव स्थित जिला परिषद स्कूल के प्रांगण में इस वर्ष भी भव्य नंदी पोला उत्सव का आयोजन किया गया। माजी सरपंच एवं वर्तमान प्रशासक विलास नवघरे के पुढाकार से पिछले 5 वर्षों से यहां नंदी पोला आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन का उद्देश्य पुरानी परंपराओं को जीवित रखने के साथ बाल गोपालों को खेती, किसान और बैलों के श्रम से तैयार होने वाले अन्न की वास्तविक महत्ता से अवगत कराना है।
नंदी पोला के माध्यम से बच्चों को यह संस्कार देने का प्रयास किया जाता है कि किसान को धूप, बारिश और ठंड में साथ देकर बैल खेती के काम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। किसान के पसीने और बैलों की मेहनत से तैयार होने वाले अन्न की वास्तविक कद्र और संरक्षण की भावना बच्चों में विकसित हो। साथ ही सार्वजनिक कार्यक्रम के माध्यम से गांव में आपसी एकता और भाईचारा मजबूत हो, इसी उद्देश्य से मोहगांव में यह आयोजन किया जाता है।
इस वर्ष आयोजित नंदी पोला कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रशासक विलास नवघरे ने की। प्रमुख अतिथि के रूप में शंकरराव कोटमकर, तटांमुक्त समिति के अध्यक्ष अनिल धोटे, माजी उपसरपंच कैलास नवघरे, हरीभाऊ डडमल, रमेशराव, ईश्वर शिरुडे, श्रावण वाघाडे, खुशाल, शेडके आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित मान्यवरों के हाथों बालकों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं नंदी पोला में सहभागी सभी नंदी बालकों को स्कूल बैग का वितरण किया गया। इस दौरान गांव की महिला और पुरुष बड़ी संख्या में नंदी पोला देखने के लिए जिला परिषद स्कूल के प्रांगण में पहुंचे।
मोहगांव में पिछले 5 वर्षों से आयोजित हो रहे इस नंदी पोला कार्यक्रम ने परंपरा, बच्चों में संस्कार और सामुदायिक सहभागिता को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया। इस आयोजन को सफल बनाने में अमित शेळके,... आदि ने सहयोग किया।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
