राष्ट्रीय एकता दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया, कहा अलग संविधान बनाकर कश्मीर को देश से अलग करने की गलती कांग्रेस ने की। सरदार पटेल की जयंती पर पीएम मोदी ने एक बार फिर जम्मू-कश्मीर मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा।


राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कांग्रेस पर तीखा प्रहार किया और कहा कि पार्टी की नीतियों ने देश की एकता को कमजोर किया। सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में पीएम मोदी ने कहा कि अगर उस समय सरदार पटेल की इच्छा पूरी की गई होती, तो आज पूरा जम्मू-कश्मीर भारत का हिस्सा होता।

पीएम मोदी ने कहा, “सरदार साहब ने देश की संप्रभुता को हमेशा सर्वोपरि रखा, लेकिन उनके निधन के बाद की सरकारों ने उसी संकल्प को भुला दिया। कश्मीर में की गई गलतियों और पूर्वोत्तर में उपजी समस्याओं ने देश की एकता को गहरी चोट पहुंचाई। कांग्रेस की नीतियों ने सरदार साहब की रीढ़ वाली राजनीति को छोड़, समझौतों की राजनीति अपनाई जिसका परिणाम देश ने दशकों तक हिंसा और रक्तपात के रूप में झेला।”

उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस की गलती के कारण जम्मू-कश्मीर का एक हिस्सा पाकिस्तान के कब्जे में चला गया, और कश्मीर को अलग संविधान और अलग निशान देकर देश से दूर कर दिया गया। मोदी ने कहा, “कांग्रेस ने कश्मीर को अलग करके जो आग लगाई थी, उसी की लपटों में देश दशकों तक जलता रहा।”

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आज का भारत पहले से अलग है “कश्मीर अब धारा 370 की जंजीरों से मुक्त होकर मुख्यधारा से जुड़ चुका है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने दुनिया को दिखा दिया है कि अगर कोई भारत की ओर आंख उठाता है, तो भारत उसे घुसकर जवाब देता है। हमारा हर जवाब पहले से ज्यादा मजबूत और निर्णायक होता है।”

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में घुसपैठियों को भी देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए “बड़ा खतरा” बताया। उन्होंने कहा कि दशकों से विदेशी घुसपैठिए भारत के संसाधनों पर कब्जा करते रहे और जनसंख्या संतुलन बिगाड़ते रहे, जबकि पिछली सरकारें वोटबैंक की राजनीति में व्यस्त रहीं। मोदी ने कहा, “राष्ट्र की सुरक्षा को जानबूझकर खतरे में डालना, कांग्रेस की सबसे बड़ी भूल रही। लेकिन आज का भारत न नई चुनौतियों से डरता है, न पुराने बोझ से दबता है।”

सरदार पटेल को नमन करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि “इतिहास लिखने में नहीं, इतिहास बनाने में विश्वास रखना चाहिए” और आज का भारत उसी रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। मोदी के इस बयान को न सिर्फ कांग्रेस पर एक तीखा हमला माना जा रहा है, बल्कि इसे आने वाले राजनीतिक अभियानों की भूमिका भी कहा जा रहा है।


Ashiti Joil

Ashiti Joil

यह प्रातःकाल में कंटेंट रायटर अँड एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। यह गए 3 सालों से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इन्होंने लोकसत्ता, टाईम महाराष्ट्र, PR और हैट मीडिया में सोशल मीडिया कंटेंट रायटर के तौर पर काम किया है। इन्होंने मराठी साहित्य में मास्टर डिग्री पूर्ण कि है और अभी ये यूनिवर्सिटी के गरवारे इंस्टीट्यूड में PGDMM (Marthi Journalism) कर रही है। यह अब राजकरण, बिजनेस , टेक्नोलॉजी , मनोरंजन और क्रीड़ा इनके समाचार बनती हैं।

Next Story