लातूर जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर किए जा रहे दावों को चाकूर तालुका की एक सनसनीखेज वारदात ने कठघरे में खड़ा कर दिया है। नायगांव के उमरगा रोड पर स्थित बी. एन. बार एंड रेस्टॉरेंट में शुक्रवार देर रात जो हुआ, उसने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया। सिगरेट न देने जैसे मामूली बहाने को सामने रखकर तीन अज्ञात आरोपियों ने दरोड़े के इरादे से बार मालिक की निर्मम हत्या कर दी और मौके से नकदी व शराब लूटकर फरार हो गए।

नायगांव (ता. चाकूर) निवासी बी. एन. बार एंड रेस्टॉरेंट के मालिक गजानन नामदेव कासले (उम्र 42 वर्ष) पर रात करीब 11.30 से 12 बजे के बीच हमला किया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों आरोपी बार में दाखिल हुए और सिगरेट की मांग की। इनकार होते ही उन्होंने गजानन कासले के साथ गाली-गलौज शुरू कर जान से मारने की धमकी दी और लाकड़ी की काठियों से सिर पर जानलेवा वार किए। भीषण पिटाई में गजानन कासले की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना यहीं नहीं रुकी। आरोपियों ने बार के कैश काउंटर को तोड़कर उसमें रखी लगभग 10 से 15 हजार रुपये की नकद राशि और विदेशी शराब की बोतलें जबरन लूट लीं। सीसीटीवी फुटेज में दो आरोपी हाथों में काठियां लिए मैनेजर रूम में जाते हुए, दराज खोलकर नोट निकालते और जेब में भरते साफ दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में यह भी सामने आया है कि आरोपी दो मोटरसाइकिलों से घटनास्थल पर पहुंचे थे।

इस हमले में बार के कर्मचारी अजय भरत मोरे (उम्र 28 वर्ष, निवासी अजनी, ता. अहमदपुर) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उनके सिर और शरीर पर काठी से वार किए गए, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतक के रिश्तेदार बालाजी नामदेव कासले (उम्र 37 वर्ष, व्यवसाय खेती, निवासी नायगांव, ता. चाकूर) की शिकायत पर चाकूर पुलिस थाने में अज्ञात तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार यह अपराध गुरन क्रमांक 684/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 311, 324(4), 351(2), 352 और 3(5) बीएनएस के अंतर्गत दर्ज किया गया है। मामला 27 दिसंबर 2025 को सुबह 11.51 बजे दर्ज किया गया, जिसकी रिपोर्टिंग पोउपनि आर. टी. चव्हाण ने की है।

घटनास्थल की जांच वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने की है। इस मामले की जांच स्वयं पुलिस निरीक्षक बी. आर. भंडे कर रहे हैं। वारदात में इस्तेमाल किया गया हथियार लाकड़ी की काठी बताया गया है, जबकि फिलहाल कोई ठोस मुद्देमाल बरामद नहीं हो सका है।

इसी बीच औराद शहाजानी पुलिस थाने में युवक आत्महत्या प्रकरण को लेकर सहायक पुलिस निरीक्षक सहित दो कर्मचारियों पर मामला दर्ज होने से जिला पुलिस की कार्यप्रणाली पर पहले से ही सवाल उठ रहे हैं। चाकूर में हुई यह जघन्य हत्या और पुलिस पर लगे आरोपों ने लातूर जिले में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर जनता की चिंता को और गहरा कर दिया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story