लातूर में 12 जून को शिवसेना जिला सहसंपर्क प्रमुख चंद्रनाथ उर्फ सी.के. मुरळीकर के अमृतमहोत्सवी (75वें जन्मदिन) के अवसर पर होटल तुलसी में भव्य सदिच्छा समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हजारों शुभचिंतकों ने उपस्थित रहकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। कई लोगों ने मोबाइल के माध्यम से भी अभिष्टचिंतन प्रेषित किया।

इस अवसर पर शिवसेना जिला संपर्क प्रमुख एवं पूर्व विधायक रोहिदास चव्हाण ने सी.के. मुरळीकर को “बोले तैसा चाले” की परंपरा पर चलने वाला व्यक्तित्व बताते हुए उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक दिनकर माने तथा प्राचार्य डॉ. आर.डी. निटूरकर ने भी मुरळीकर के जीवन कार्य पर प्रकाश डालते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणादायी व्यक्तित्व बताया।

सत्कार का उत्तर देते हुए सी.के. मुरळीकर ने अपने राजनीतिक और सामाजिक जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि शिवसेना की 20 प्रतिशत राजनीति और 80 प्रतिशत समाजसेवा की विचारधारा तथा रोजगारपरक हिंदुत्व की नीति के कारण वे लंबे समय से संगठन से जुड़े हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वे आज तक मातोश्री नहीं गए, क्योंकि उनके लिए सौंपे गए दायित्व का ईमानदारी से निर्वहन ही वास्तविक पक्षनिष्ठा है। 75 वर्ष पूर्ण होने पर उन्होंने कहा कि जनस्नेह और शुभकामनाओं से उन्हें समाजसेवा के लिए नई ऊर्जा प्राप्त हुई है।

कार्यक्रम का प्रास्ताविक राष्ट्रीय चर्मकार महासंघ के जिलाध्यक्ष रवि कुरिल ने किया, संचालन डॉ. नरसिंग वाघमोडे ने तथा आभार प्रदर्शन इंजीनियर चेतन मुरळीकर ने किया। इस अवसर पर शेषराव हालगरकर, माधवराव गायकवाड, डी.एन. शिंदे, चंद्रकांत सूर्यवंशी, आर.एस. चव्हाण, मधुकर शृंगारे सहित अनेक सामाजिक, राजनीतिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। विभिन्न दलों शिवसेना (उबाठा), शिंदे गुट, कांग्रेस, भाजपा, वंचित बहुजन आघाड़ी एवं राष्ट्रवादी कांग्रेस सहित कई संगठनों के पदाधिकारियों ने भी सहभागिता दर्ज कराई।

कार्यक्रम में सी.के. मुरळीकर का उनकी पत्नी शकुंतला के साथ शाल, फेटा, पुष्पहार, स्मृति चिन्ह, पुस्तकें एवं भेंट वस्तुएं देकर भव्य सम्मान किया गया। समारोह में उमड़े जनसैलाब ने आयोजन को विशेष गरिमा प्रदान की।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story