कोरपना में लडाख के सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक व अभिजीत दिपके के आंदोलन के समर्थन में विद्यार्थी, सामाजिक कार्यकर्ता और सर्वपक्षीय नेताओं की मौजूदगी में विराट मोर्चा निकाला गया। इस दौरान देशभर के विभिन्न विद्यार्थी मुद्दों को लेकर आवाज बुलंद की गई और नीट परीक्षा में कथित गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई गई।

शहर के बस स्थानक परिसर से प्रमुख मार्गों होते हुए निकाले गए इस मोर्चे में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, विद्यार्थी और नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए। आंदोलनकारियों ने नीट परीक्षा में कथित गैरव्यवहार और गड़बड़ी की निष्पक्ष जांच कराने, विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा मामले की नैतिक जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्रियों के राजीनामे की मांग की।



मोर्चे में शामिल लोगों ने यह भी मांग रखी कि सोनम वांगचुक द्वारा उठाई गई जनहित की मांगों पर केंद्र सरकार तत्काल सकारात्मक निर्णय ले। प्रदर्शन के बाद शिष्टमंडल तहसील कार्यालय पहुंचा और तहसीलदार के माध्यम से सरकार को निवेदन सौंपा।

इस दौरान आंदोलनकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार को शीघ्र निर्णय लेना चाहिए, ताकि देश की शिक्षा व्यवस्था पर विद्यार्थियों का विश्वास कायम रह सके। मोर्चे में कांग्रेस, शेतकरी संगठन, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), जन सत्याग्रह संगठन सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, विद्यार्थी और नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Next Story