कामाठीपुरा क्लस्टर पुनर्विकास: म्हाडा आज पेश करेगा मास्टर प्लान
34 एकड़ में फैली 1,292 जर्जर इमारतों के कायाकल्प के लिए म्हाडा एकीकृत योजना पेश करेगा, जिससे 8 हजार से अधिक परिवारों को सुरक्षित आवास मिलेगा।

तस्वीर में पुनर्विकास परियोजना का एक आधुनिक बहुमंजिला आवासीय परिसर का मॉडल दिख रहा है।
मुंबई। कामाठीपुरा क्लस्टर पुनर्विकास परियोजना का प्रस्तावित आराखड़ा शुक्रवार, 11 सितंबर को स्थानीय रहिवासियों और विभिन्न भागीदारों के सामने प्रस्तुत किया जाएगा। महाराष्ट्र गृहनिर्माण व क्षेत्रविकास प्राधिकरण (म्हाडा) के मुंबई इमारत दुरुस्ती व पुनर्रचना मंडल (एमबीआरआरबी) की ओर से ‘कामाठीपुरा विकास समिति’ के सहयोग से यह प्रस्तुति दी जाएगी।
शुक्रवार शाम 6 बजे कामाठीपुरा की छठी लेन स्थित अखिल पद्मशाली समाज, भावना बाग में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस दौरान म्हाडा की ओर से पुनर्वास रणनीति, लाभार्थियों, प्रस्तावित नागरिक सुविधाओं, बुनियादी ढांचे, पर्यावरण संबंधी उपायों और क्षेत्र के भविष्य के विकास आराखड़े की जानकारी दी जाएगी।
जर्जर और खतरनाक इमारतों की जगह सुरक्षित और आधुनिक आवास उपलब्ध कराने के साथ पूरे क्षेत्र का एकीकृत तरीके से विकास करना इस परियोजना का उद्देश्य है।
कामाठीपुरा क्लस्टर पुनर्विकास परियोजना करीब 34 एकड़ क्षेत्र में संचालित की जा रही है। इसमें 943 सेस इमारतें और 349 नॉन-सेस इमारतें शामिल हैं। इस तरह परियोजना के दायरे में कुल 1,292 इमारतें हैं। परियोजना से 8 हजार से अधिक रहिवासी और किरायेदार जुड़े हैं। इनमें करीब 6,625 आवासीय और 1,376 व्यावसायिक किरायेदारों के साथ करीब 800 जमीनमालिक शामिल हैं।
प्रस्तावित आराखड़े की प्रस्तुति के जरिए किरायेदारों, जमीनमालिकों, संपत्तिधारकों और अन्य स्थानीय भागीदारों को पुनर्विकास की प्रस्तावित संरचना और पुनर्वास प्रक्रिया को समझने का अवसर मिलेगा। मुंबई के सबसे पुराने और ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्रों में शामिल कामाठीपुरा में पिछले कई दशकों के दौरान आवासीय और व्यावसायिक स्वरूप की घनी बस्ती विकसित हुई है।
बड़ी संख्या में पुरानी और जर्जर इमारतों वाले इस क्षेत्र में अलग-अलग इमारतों के आधार पर पुनर्विकास करने के बजाय क्लस्टर पद्धति से एकीकृत विकास का प्रयास किया जा रहा है। कामाठीपुरा के सर्वसमावेशी विकास के लिए इसे एक महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देखा जा रहा है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
