जालना जिले के चंदनझिरा थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां घर खरीदने का झांसा देकर एक किसान को जाल में फंसाकर अश्लील फोटो खींचने और 75 हजार रुपये की रंगदारी वसूलने का मामला दर्ज किया गया है। शिवणगिरी, तहसील मंठा निवासी किसान रामदास साहेबराव जाधव के साथ हुई इस घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, पीड़ित की कुछ महीने पहले महानगरपालिका चुनाव प्रचार के दौरान एक महिला से पहचान हुई थी, जिसके बाद दोनों में मोबाइल पर बातचीत होने लगी और कई बार मुलाकातें भी हुईं। इसी बीच एक मुलाकात के दौरान महिला ने किसान से चार हजार रुपये उधार लिए थे।

घटनाक्रम के अनुसार, पीड़ित किसान जालना में घर खरीदने के लिए रो-हाऊस की तलाश कर रहा था, जिसकी जानकारी उसने उक्त महिला को दी थी। 2 जून 2026 को महिला ने अपना घर बिक्री के लिए उपलब्ध होने का झांसा देकर पीड़ित को जालना बुलाया और शाम को अपनी स्कूटर पर बैठाकर उसे घर तक ले गई। जैसे ही किसान घर के अंदर दाखिल हुआ और उसे पानी पिलाया गया, तभी अचानक पिछले और सामने के दरवाजे से तीन अज्ञात व्यक्ति अंदर घुस आए। आरोपियों ने तुरंत घर के दरवाजे बंद कर दिए और पीड़ित के साथ जमकर मारपीट की।

आरोपियों ने जबरन किसान के कपड़े उतरवा दिए और उक्त महिला ने उसके साथ मिलकर पीड़ित की अश्लील अवस्था में तस्वीरें खींच लीं। इसके बाद इन तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी देकर आरोपियों ने रुपयों की मांग शुरू कर दी। डर के मारे पीड़ित ने अपने पास मौजूद 25 हजार रुपये, गाड़ी में रखे 50 हजार रुपये और हाथ में पहनी हुई करीब दो तोला वजन की तीन सोने की अंगूठियां आरोपियों को सौंप दीं। इतने पर भी मन न भरने पर आरोपियों ने और पैसों की मांग की, जिसे मना करने पर उन्होंने पीड़ित को घर से बाहर निकाल दिया और उसकी बोलेरो गाड़ी का कांच फोड़ दिया। साथ ही उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने व झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। बुधवार, 15 जुलाई 2026 को मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले में चंदनझिरा पुलिस ने महिला समेत तीन अज्ञात सहयोगियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Achut D. More(Jalna)

Achut D. More(Jalna)

Achut D. More (Jalna) प्रातःकाल न्यूज़ के अनुभवी रिपोर्टर हैं, जो जलना क्षेत्र से ताज़ा और भरोसेमंद समाचार लाने में माहिर हैं। उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक और स्थानीय घटनाओं पर अपनी गहरी समझ और निष्पक्ष दृष्टिकोण के साथ कई महत्वपूर्ण रिपोर्टिंग की हैं। उनकी रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों तक सत्य और तथ्यपूर्ण जानकारी पहुँचाना है, जिससे लोग हर खबर को समझदारी और विश्वास के साथ ग्रहण कर सकें।

Next Story