जालना में शासकीय ठेकेदार के घर हुए सशस्त्र दरोड़ा प्रकरण तथा महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मोक्का) के तहत दर्ज मामले में नौ माह से अधिक समय से फरार चल रहे आरोपी को स्थानीय अपराध शाखा (एलसीबी) ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिकेत संतोष जाधव (20), निवासी गुंडप्पा गली, डबल जिन, जालना के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर 2025 की मध्यरात्रि करीब दो बजे शासकीय ठेकेदार शैलेश देविदान के श्रीकृष्णनगर स्थित आवास पर हथियारों के बल पर सशस्त्र दरोड़ा डाला गया था। इस मामले में चंदनझिरा पुलिस थाने में अपराध दर्ज किया गया था। जांच के दौरान कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ शस्त्र अधिनियम और महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मोक्का) के तहत भी धाराएं जोड़ी गई थीं। इस प्रकरण की आगे की जांच उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी को सौंपी गई थी।

हालांकि, इस मामले का आरोपी अनिकेत संतोष जाधव घटना के बाद से लगातार अपना ठिकाना बदलकर फरार चल रहा था। उसकी तलाश कर गिरफ्तारी के निर्देश पुलिस अधीक्षक तेगबीर सिंह संधू ने स्थानीय अपराध शाखा को दिए थे। इसके बाद पुलिस निरीक्षक पंकज जाधव के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर 18 जुलाई 2026 को स्थानीय अपराध शाखा को जानकारी मिली कि आरोपी गांधी चमन क्षेत्र में आया हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल जाल बिछाकर उसे हिरासत में ले लिया। आगे की जांच के लिए आरोपी को जांच अधिकारी के सुपुर्द कर दिया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक तेगबीर सिंह संधू, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम साळी तथा उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक पंकज जाधव, सहायक पुलिस निरीक्षक सचिन खामगळ, उपनिरीक्षक राजेंद्र वाघ तथा पुलिस अमलदार गोपाल गोशिक, रमेश राठोड, प्रभाकर वाघ, विजय डिक्कर, इरशाद पटेल, सागर बाविस्कर, दत्ता वाघुंडे, शिवप्रसाद एखंडे, रमेश काळे, कैलास चेके, योगेश सहाणे और धीरज भोसले की टीम ने अंजाम दी। लंबे समय से फरार आरोपी की गिरफ्तारी को इस मामले की जांच में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

Achut D. More(Jalna)

Achut D. More(Jalna)

Achut D. More (Jalna) प्रातःकाल न्यूज़ के अनुभवी रिपोर्टर हैं, जो जलना क्षेत्र से ताज़ा और भरोसेमंद समाचार लाने में माहिर हैं। उन्होंने सामाजिक, राजनीतिक और स्थानीय घटनाओं पर अपनी गहरी समझ और निष्पक्ष दृष्टिकोण के साथ कई महत्वपूर्ण रिपोर्टिंग की हैं। उनकी रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों तक सत्य और तथ्यपूर्ण जानकारी पहुँचाना है, जिससे लोग हर खबर को समझदारी और विश्वास के साथ ग्रहण कर सकें।

Next Story