सोशल मीडिया के जरिए दुर्लभ वस्तुओं और कथित खजाने का लालच देकर लोगों को ठगने वाले गिरोहों के खिलाफ जलगांव जिला पुलिस ने बड़ी और सुनियोजित कार्रवाई करते हुए मुक्ताईनगर तालुका के तीन गांवों में तड़के विशेष अभियान चलाया। ‘ऑपरेशन ड्रॉप केस’ नामक इस विशेष मुहिम के तहत पुलिस ने कई संदिग्धों को हिरासत में लिया, दो आरोपियों को गिरफ्तार किया और नकदी, सोना-चांदी, हथियारों सहित लाखों रुपये का सामान जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार मुक्ताईनगर तालुका के हलखेडा, मधपुरी और लालमाटोटा गांवों में पिछले कुछ वर्षों के दौरान धोखाधड़ी, लूट, डकैती और अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े कई मामले सामने आए थे। इन घटनाओं की पृष्ठभूमि में पुलिस अधीक्षक श्रीकांत धिवरे के मार्गदर्शन में करीब 200 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने व्यापक स्तर पर छापेमारी अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विलास नथू पवार और अजय दादा पवार को गिरफ्तार किया। इसके अलावा फरोज राजू पवार, रामजाने रायसिंग भोसले, आक्काबाई जोगिंदर भोसले, रोहित सुदेश पवार, राजकिरण जोगिंदर भोसले, दया जोगिंदर भोसले, शिवविक्रम जोगिंदर भोसले, जोगिंदर राजवंती भोसले तथा गांधी नरीसिंग भोसले के विरुद्ध विभिन्न कानूनी प्रावधानों के तहत मामले दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है।

पुलिस द्वारा की गई तलाशी में लगभग 20 लाख रुपये नकद, करीब 30 लाख रुपये मूल्य के 300 ग्राम सोने के आभूषण, 8 लाख रुपये मूल्य के चार किलोग्राम चांदी के आभूषण, 27 मोबाइल फोन, चार दोपहिया वाहन, चारपहिया वाहन, दो देशी कट्टे, तीन जिंदा कारतूस, लोहे का रिवॉल्वर और पिस्तौल बरामद किए गए। इसके अलावा हिरण, लोमड़ी और खरगोश की खाल सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई है।

प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो प्रसारित कर दुर्लभ वस्तुओं, पुराने सिक्कों, सोने-चांदी की वस्तुओं और कथित खजाने की खरीद-बिक्री का झांसा देते थे। इसके बाद वे लोगों को गांवों में बुलाकर नकली वस्तुएं दिखाते या विभिन्न बहाने बनाकर उनसे लाखों रुपये की ठगी करते थे। जांच में यह भी सामने आया कि विरोध करने वालों को धमकाने, मारपीट करने और कुछ मामलों में झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी देकर चुप कराने जैसी गतिविधियां भी की जाती थीं।

पुलिस प्रशासन का मानना है कि ‘ऑपरेशन ड्रॉप केस’ के तहत की गई यह कार्रवाई क्षेत्र में सक्रिय संगठित आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में महत्वपूर्ण साबित होगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि आम नागरिकों को ठगी और अन्य गंभीर अपराधों से सुरक्षित रखा जा सके।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story