भुसावल। महाराष्ट्र के जळगाव जिले में कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाली खतरनाक 'ईरानी गैंग' के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और साहसिक कार्रवाई को अंजाम दिया है। मध्य प्रदेश पुलिस की टीम पर जानलेवा हमला कर दहशत फैलाने वाले इन शातिर अपराधियों को जळगाव पुलिस ने उनके ही गढ़ में घुसकर धूल चटा दी है। पुलिस अधीक्षक महेश्वर रेड्डी ने सोमवार को एक सनसनीखेज प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे ऑपरेशन का खुलासा करते हुए बताया कि किस तरह भुसावल की मुस्लिम कॉलोनी में चले 'कॉम्बिंग ऑपरेशन' ने अंतरराज्यीय लूट और चेन स्नैचिंग के काले साम्राज्य को ध्वस्त कर दिया है।

इस रोंगटे खड़े कर देने वाले घटनाक्रम की शुरुआत 15 जनवरी को हुई, जब मध्य प्रदेश के बड़ोद थाने की पुलिस टीम करारअली हुजूर अली नामक अपराधी को दबोचने भुसावल पहुंची थी। जैसे ही पुलिस ने जुल्फिकार अली उर्फ श्री ईरानी के घर के पास घेराबंदी की, अचानक 15 से 20 महिलाओं और पुरुषों की उग्र भीड़ ने पुलिस को चारों तरफ से घेर लिया। कलेक्टर के निषेधाज्ञा आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए इस हिंसक भीड़ ने पुलिसकर्मियों पर ईंटों और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हद तो तब हो गई जब भीड़ में शामिल कुछ महिलाओं ने पुलिसकर्मियों को दांतों से काटा और "नौकरी खा जाने" की धमकी देकर उन्हें पीछे हटने पर मजबूर कर दिया। इस अफरा-तफरी का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी वहां से फरार हो गए।

पुलिस पर हुए इस सीधे हमले ने महकमे में आक्रोश भर दिया, जिसके बाद पुलिस अधीक्षक महेश्वर रेड्डी के नेतृत्व में स्थानीय अपराध शाखा और बाजारपेठ पुलिस ने इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया। सघन तलाशी अभियान के दौरान जब मरियम बी जाफर अली जाफरी और नाजिया टीपू शेख के घरों पर छापा मारा गया, तो पुलिस की आंखें फटी की फटी रह गई। वहां से 287.7 ग्राम वजन की सोने की ईंटें बरामद हुईं। कड़ी पूछताछ में यह चौंकाने वाला सच सामने आया कि गैंग के सदस्य हसनअली उर्फ आसू और सादिक उर्फ आतंक, जळगाव, अमरावती और मध्य प्रदेश के विभिन्न इलाकों से महिलाओं के गले से चेन झपटकर लाते थे और ये दोनों महिलाएं उन गहनों को गलाकर सोने की ईंटों में तब्दील कर देती थीं ताकि पहचान मिटाई जा सके।

पुलिस की इस व्यापक कार्रवाई में केवल सोना ही नहीं, बल्कि भारी मात्रा में हथियार और चोरी का सामान भी बरामद हुआ है। आरोपी मजहर अब्बास जाफर ईरानी के पास से एक लोहे की देशी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं। इसके अलावा, पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई 16 मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। गिरोह ने पूछताछ के दौरान जळगाव, चालीसगांव, पाचोरा, चोपड़ा और अमलनेर में की गई लूट की 16 बड़ी वारदातों को अंजाम देने की बात कबूल की है। इस पूरे ऑपरेशन को अंजाम देने में पुलिस निरीक्षक राहुल गायकवाड़, राहुल वाघ और उनकी टीम ने अदम्य साहस का परिचय दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल अपराधियों में खौफ पैदा हुआ है, बल्कि आम जनता में सुरक्षा का विश्वास भी बढ़ा है।

Jitendra Kotwal, Jalgaon

Jitendra Kotwal, Jalgaon

जितेंद्र कोतवाल, जलगांव – प्रात:काल न्यूज़ टीम के अनुभवी और समर्पित रिपोर्टर जितेंद्र कोटवाल जलगांव से ताज़ा और सटीक समाचार पहुंचाने में अपनी पहचान बना चुके हैं। स्थानीय मुद्दों, समाजिक घटनाओं और प्रशासनिक खबरों पर उनकी गहरी पकड़ है। जितेंद्र अपने निष्पक्ष दृष्टिकोण और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को भरोसेमंद और समय पर जानकारी मिलती है। उनके लेखन में स्पष्टता और गंभीरता का समन्वय उन्हें प्रात:काल न्यूज़ का एक विश्वसनीय स्तंभ बनाता है।

Next Story