हिंगणघाट। सड़क हादसे में जान गंवाने वाले गिमाटेक्स इंडस्ट्रीज स्पिनिंग एंड वीविंग लिमिटेड के वणी यूनिट में कार्यरत कामगार सुरेश फुलकर के परिवार को सहकर्मियों की ओर से आर्थिक सहायता प्रदान की गई। कर्मचारियों ने अपने वेतन से निर्धारित राशि का योगदान कर मृतक के परिवार को 1,33,500 रुपये का चेक सौंपा।

सुरेश फुलकर निवासी हिंगणघाट गिमाटेक्स इंडस्ट्रीज स्पिनिंग एंड वीविंग लिमिटेड के वणी यूनिट में ऑटोकॉनर पीवी विभाग में कामगार के रूप में कार्यरत थे। 17 सितंबर 2026 की रात जाम से हिंगणघाट जाने वाले हाईवे मार्ग पर हुए सड़क हादसे में उनकी मृत्यु हो गई थी। इस घटना के बाद उनके परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए पहल की गई।

वर्धा जिला सूती मिल मजदूर संघ के अध्यक्ष तथा विधायक समीरभाऊ कुणावार और संघ के उपाध्यक्ष मिलिंदजी देशपांडे के निर्देश पर इस संबंध में फैक्टरी मैनेजर श्री पठाण साहब से लगातार संपर्क कर सहायता राशि उपलब्ध कराने के लिए प्रयास किए गए।

कामगारों के बीच हुए समझौते के अनुसार प्रत्येक कर्मचारी के वेतन से 100 रुपये की कटौती की गई। इस तरह एकत्रित हुई कुल 1,33,500 रुपये की राशि का चेक मृतक सुरेश फुलकर के परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में प्रदान किया गया।

इस अवसर पर संघ के जनरल सेक्रेटरी पांडुरंग बालपांडे, दामोदर देशमुख, मनोहर जुमडे, जिवण भाणसे, राकेश तराळे, प्रशांत शेळके, हेमंत भगत, जयंत बावणे, विनोद कावळे, श्रावण थुटे, विजय थुल, लक्ष्मण जयपुरकर, विनोद कोल्हे और राहुल देशमुख सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Next Story