महाराष्ट्र के धुळे शहर में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। पारोला रोड स्थित नक्षत्र लॉन्स के समीप हुए इस दर्दनाक दुर्घटना में एक ही गांव के मां-बेटे सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार वरखेडी गांव निवासी सुभाष धनगर, नंदू पाटील और उनकी मां सिंधुबाई पाटील एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान वे सड़क पार कर रहे थे कि धुळे की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार लग्जरी ट्रैवल्स बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें हादसे का भयावह दृश्य कैद हुआ है। फुटेज में देखा जा सकता है कि सड़क पार कर रहे बाइक सवारों को बस ने सीधे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही आझाद नगर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक पंचनामा कार्रवाई शुरू की। राहत की बात यह रही कि बस चालक दुर्घटना के बाद घटनास्थल से फरार नहीं हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा मामले की जांच जारी है।

इस हादसे में एक ही परिवार की मां और बेटे सहित गांव के तीन लोगों की मौत से वरखेडी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की आवश्यकता को गंभीरता से सामने ला दिया है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story