चंद्रपुर जिले के कोरपना तालुका अंतर्गत चनई खुर्द गांव में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। विदर्भ जिनिंग फैक्ट्री में काम करने वाले एक मजदूर का शव कपास की गंजी के नीचे दबा हुआ मिला, जिससे फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पहचान संतोष मरावी (28) के रूप में हुई है, जो मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले के बाजक गांव का निवासी था। संतोष मरावी रोजगार के लिए चनई खुर्द स्थित विदर्भ जिनिंग में काम करने आया था। बताया जा रहा है कि वह पिछले तीन से चार दिनों से लापता था। उसके साथियों और परिचितों द्वारा लगातार तलाश किए जाने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था।

रविवार 28 तारीख को सुबह करीब दस बजे जब फैक्ट्री में कपास की गंजी उतारने का काम चल रहा था, तभी मजदूरों को कपास के ढेर के नीचे एक शव दिखाई दिया। जांच करने पर पता चला कि वह लापता मजदूर संतोष मरावी है। यह खबर फैलते ही फैक्ट्री परिसर और आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही कोरपना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को ग्रामीण रुग्णालय कोरपना भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम किया गया। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर जांच जारी है और मामले की हर पहलू से पड़ताल की जा रही है।

संतोष मरावी के पीछे पत्नी और एक छोटा बेटा है, जिन पर इस घटना से दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस हादसे ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कोरपना पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Manoj Gore (Chandrapur)

Manoj Gore (Chandrapur)

नाम: मनोज रामकृष्ण गोरे

वर्तमान पद: रिपोर्टर (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: चंद्रपुर जिला (महाराष्ट्र)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासन

परिचय

मनोज रामकृष्ण गोरे महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र के रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से चंद्रपुर जिले के प्रशासनिक विभागों की कार्यप्रणाली, सरकारी योजनाओं, जनसुनवाई, विकास कार्यों और प्रशासनिक निर्णयों से जुड़ी खबरों को कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

मनोज रामकृष्ण गोरे को मीडिया क्षेत्र में ग्राउंड रिपोर्टिंग और समाचार संकलन का 5 वर्ष का अनुभव है। वह पिछले पांच सालों से चंद्रपुर जिले के स्थानीय और प्रशासनिक मुद्दों को नियमित रूप से रिपोर्ट कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story