चंद्रपुर जिले के कोरफना तालुका अंतर्गत नारंडा गांव से प्रशासनिक व्यवस्था को कठघरे में खड़ा करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। गांव का ग्रामपंचायत कार्यालय, जो आम नागरिकों की सेवा और विकास कार्यों का केंद्र माना जाता है, वही परिसर इन दिनों शराबियों के खुले अड्डे में तब्दील हो गया है। कार्यालय के वरांडे में दिनदहाड़े शराब पीकर हंगामा करने और नशे की हालत में पड़े रहने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे प्रशासन की छवि पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, कुछ लोग बेखौफ होकर ग्रामपंचायत कार्यालय परिसर में ही शराब का सेवन करते हैं और नशे की हालत में वहीं आराम फरमाते नजर आते हैं। इस स्थिति के चलते महिलाओं, बुजुर्गों और विद्यार्थियों में भय का माहौल बन गया है। अपने जरूरी कामों के लिए कार्यालय आने वाले नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि ऐसे खुलेआम हो रहे कृत्यों के बावजूद ग्रामपंचायत प्रशासन, सरपंच और सचिव की ओर से कोई प्रभावी कदम उठाते नहीं दिख रहा।

नाराज ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी इस तरह की घटनाओं की शिकायतें की गई थीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामपंचायत कार्यालय में अनुशासन, स्वच्छता और सुरक्षा बनाए रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है, इसके बावजूद शराबियों को खुली छूट दिए जाने का आरोप लगाया जा रहा है। इस लापरवाही के कारण पूरे कार्यालय की बदनामी हो रही है और ग्रामीणों में रोष लगातार बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित शराबियों के खिलाफ तत्काल मामला दर्ज किया जाए और कार्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। साथ ही सुरक्षा के लिए पहारेदार की नियुक्ति और पुलिस की नियमित गश्त बढ़ाने की भी मांग जोर पकड़ रही है। अब सवाल यह उठ रहा है कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर क्या कार्रवाई करता है। यह मामला पूरे गांव में चर्चा का केंद्र बन चुका है और प्रशासन की अग्निपरीक्षा माना जा रहा है।

Manoj Gore (Chandrapur)

Manoj Gore (Chandrapur)

नाम: मनोज रामकृष्ण गोरे

वर्तमान पद: रिपोर्टर (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: चंद्रपुर जिला (महाराष्ट्र)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासन

परिचय

मनोज रामकृष्ण गोरे महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र के रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से चंद्रपुर जिले के प्रशासनिक विभागों की कार्यप्रणाली, सरकारी योजनाओं, जनसुनवाई, विकास कार्यों और प्रशासनिक निर्णयों से जुड़ी खबरों को कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

मनोज रामकृष्ण गोरे को मीडिया क्षेत्र में ग्राउंड रिपोर्टिंग और समाचार संकलन का 5 वर्ष का अनुभव है। वह पिछले पांच सालों से चंद्रपुर जिले के स्थानीय और प्रशासनिक मुद्दों को नियमित रूप से रिपोर्ट कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story