चंद्रपुर। महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के अंतर्गत आने वाला गडचांदूर से सिद्धेश्वर मुख्य मार्ग इन दिनों अपनी बदहाली के कारण यात्रियों के लिए काल का पर्याय बन चुका है। गड्ढों के जाल और उखड़ी हुई डामर की परतों ने इस महत्वपूर्ण सड़क को बेहद जानलेवा और खतरनाक बना दिया है। आसिफाबाद मार्ग को जोड़ने वाला यह प्रमुख रास्ता न केवल सिद्धेश्वर बल्कि सीमावर्ती क्षेत्रों के लिए भी सबसे सुगम और निकटतम संपर्क सूत्र माना जाता है, लेकिन वर्तमान में इसकी विदारक स्थिति को देखकर ऐसा प्रतीत होता है मानो प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा हो।

सड़क की स्थिति का आलम यह है कि डामर का नामोनिशान मिट चुका है और जगह-जगह गहरे गड्ढे उभर आए हैं। सड़क के किनारे बुरी तरह टूट जाने के कारण दोपहिया, चार पहिया और विशेष रूप से भारी वाहन चालकों को मौत के साये में रहकर कसरत भरा सफर तय करना पड़ रहा है। मानसून के दौरान इन गड्ढों में पानी भर जाने से गहराई का अंदाजा नहीं मिल पाता, जिससे दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। यात्रियों को हर पल इस डर के साथ सफर करना पड़ता है कि कहीं उनका अगला कदम किसी हादसे का शिकार न बन जाए।

इस गंभीर समस्या को देखते हुए 'ग्राहक पंचायत महाराष्ट्र' के पदाधिकारियों ने हाल ही में प्रभावित मार्ग का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि सड़क की मरम्मत अब केवल जरूरत नहीं, बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से एक अनिवार्य आपातकाल बन गई है। जनहित और यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए ग्राहक पंचायत महाराष्ट्र के जिला संगठक देवीदास नंदनवार ने इस मुद्दे पर कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने सार्वजनिक निर्माण विभाग से तत्काल संज्ञान लेने की अपील की है।

साथ ही, नंदनवार ने क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक माननीय देवरावदादा भोंगळे से पुरजोर मांग की है कि वे इस गंभीर समस्या पर व्यक्तिगत रूप से ध्यान दें और जनभावनाओं का सम्मान करते हुए सड़क के नवीनीकरण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू करवाएं। ग्रामीणों और यात्रियों का मानना है कि यदि प्रशासन ने समय रहते इस जर्जर मार्ग की सुध नहीं ली, तो यहां होने वाले किसी भी जानलेवा हादसे की पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।

Manoj Gore (Chandrapur)

Manoj Gore (Chandrapur)

नाम: मनोज रामकृष्ण गोरे

वर्तमान पद: रिपोर्टर (प्रातःकाल)

कार्यक्षेत्र: चंद्रपुर जिला (महाराष्ट्र)

बीट (मुख्य विषय): प्रशासन

परिचय

मनोज रामकृष्ण गोरे महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र के रिपोर्टर हैं। वह मुख्य रूप से चंद्रपुर जिले के प्रशासनिक विभागों की कार्यप्रणाली, सरकारी योजनाओं, जनसुनवाई, विकास कार्यों और प्रशासनिक निर्णयों से जुड़ी खबरों को कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव 

मनोज रामकृष्ण गोरे को मीडिया क्षेत्र में ग्राउंड रिपोर्टिंग और समाचार संकलन का 5 वर्ष का अनुभव है। वह पिछले पांच सालों से चंद्रपुर जिले के स्थानीय और प्रशासनिक मुद्दों को नियमित रूप से रिपोर्ट कर रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

उन्होंने कला स्नातक (B.A.) की डिग्री हासिल की है।

Next Story