शहर के सम्राट चौक से गुल मार्केट जाने वाले अत्यंत व्यस्त मार्ग पर रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। एक पल की चूक और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, जबकि हादसे का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद नागरिकों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।

मृतक की पहचान अरबाज शेख निवासी ड्राइवर कॉलोनी, जीनत सोसायटी, प्रभाग क्रमांक 03 के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार रविवार 7 जून को शाम करीब साढ़े सात बजे अरबाज अपनी एक्टिवा से सम्राट चौक क्षेत्र से गुजर रहा था। उसी दौरान आजाद होटल क्षेत्र से एक निजी ट्रैवल्स बस तेज गति से गुल मार्केट की ओर जा रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों और सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, अरबाज ने ट्रैवल्स बस को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान सामने से अचानक एक ऑटो आने पर वह अपनी एक्टिवा से नियंत्रण खो बैठा और उसकी दोपहिया वाहन फिसल गई। कुछ ही क्षणों में अरबाज सड़क पर गिर पड़ा। दुर्भाग्यवश पीछे से आ रही ट्रैवल्स बस के पिछले पहिए की चपेट में वह आ गया। बस का पहिया सीधे उसके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोग कुछ समय तक स्तब्ध रह गए। कई लोगों ने तत्काल मदद के लिए दौड़ लगाई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, पंचनामा किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल भेज दिया।

इस घटना के बाद नागरिकों ने गंभीर आरोप लगाया है कि शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर निर्धारित समय के दौरान प्रतिबंध होने के बावजूद कई निजी ट्रैवल्स बसें और अन्य भारी वाहन नियमों की खुलेआम अनदेखी करते हुए शहर के मध्यवर्ती क्षेत्रों से गुजरते हैं। नागरिकों का कहना है कि यातायात विभाग की लापरवाही और नियमों की अवहेलना के कारण एक निर्दोष युवक को अपनी जान गंवानी पड़ी।

इस बीच हादसे का एक और सीसीटीवी वीडियो सामने आया है, जिसमें दुर्घटना का पूरा घटनाक्रम स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। नागरिक प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

पुलिस ने संबंधित ट्रैवल्स चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रकरण में आगे की जांच जारी है।

अरबाज शेख की अचानक हुई मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्षेत्र में शोक की लहर है और मित्रों तथा रिश्तेदारों के बीच गहरा दुख व्याप्त है। एक हंसमुख युवा की असमय मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। यह हादसा यातायात नियमों के पालन और भारी वाहनों की निगरानी को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

Limbraj Panhalkar (Latur)

Limbraj Panhalkar (Latur)

नाम: लिंबराज शिवराम पन्हाळकर

वर्तमान पद: जिला रिपोर्टर (लातूर)

कार्यक्षेत्र: लातूर (महाराष्ट्र)

बीट : क्राइम (अपराध) एवं सभी प्रकार की रिपोर्टिंग

अनुभव: 20 साल

परिचय

लिंबराज शिवराम पन्हाळकर महाराष्ट्र के लातूर जिले के एक वरिष्ठ और अनुभवी समाचार संवाददाता हैं। वह वर्तमान में लातूर जिला रिपोर्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। लिंबराज पन्हाळकर क्षेत्र की सभी प्रकार की प्रशासनिक और स्थानीय खबरों को कवर करते हैं, लेकिन मुख्य रूप से क्राइम (अपराध) से जुड़ी खबरों की रिपोर्टिंग में उनकी विशेष रुचि और विशेषज्ञता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

लिंबराज पन्हाळकर को मीडिया और ग्राउंड रिपोर्टिंग के क्षेत्र में 20 वर्षों का एक लंबा और गहरा अनुभव है। दो दशकों से लातूर क्षेत्र में सक्रिय रहने के कारण स्थानीय मुद्दों, कानून-व्यवस्था और क्षेत्रीय गतिविधियों पर उनकी मजबूत पकड़ है।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

बी.ए. जर्नलिज्म (B.A. in Journalism): उन्होंने पत्रकारिता विषय में स्नातक (Graduation) की डिग्री हासिल की है।

Next Story