नई दिल्ली। भजन सम्राट पद्मश्री पं. अनूप जलोटा के भजनों की गूंज और नन्ही नृत्यांगना आव्या एम. भूतोड़िया की पहली मंचीय प्रस्तुति ने ‘आरोहण-2026’ की सांस्कृतिक संध्या को यादगार बना दिया। गुरुवार को साई शिंजिनी एकेडमी ऑफ फाइन आर्ट्स एंड कल्चर की ओर से श्रीराम सेंटर फॉर परफॉर्मिंग आर्ट्स में आयोजित इस समारोह में संगीत, नृत्य और चित्रकला का अनूठा संगम देखने को मिला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केंद्रीय संगीत नाटक अकादमी के उपाध्यक्ष पद्मश्री उस्ताद अनवर खान मांगनिहार थे।

समारोह का शुभारंभ चित्रकार संजीव कुमार गोगोई ने कैनवास पर भगवान गणपति की आकृति उकेरकर किया। इसके बाद मुख्य अतिथि अनवर खान ने तूलिका से गणपति के चित्र पर तिलक लगाकर उसे पूर्णता प्रदान की। इस अवसर पर समकालीन चित्रकला के वरिष्ठ कलाकार सुदीप रॉय को ‘कला विभूति’ अवार्ड से सम्मानित किया गया। वहीं, कला साधकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्थापित ‘प्रकाश पारिख स्कॉलरशिप’ काव्या और निकी को प्रदान की गई।

सम्मान समारोह के बाद अकादमी की नन्ही नृत्यांगनाओं ने मंगलाचरण पर मनोहारी नृत्य प्रस्तुत किया। इसके पश्चात नृत्य गुरु शिंजिनी कुलकर्णी ने अपनी आठ शिष्याओं के साथ ‘पंचतत्व नमम्याहम’ की प्रस्तुति दी। इसमें पंचतत्व की अवधारणा को कथक की लय, ताल और भाव मुद्राओं के माध्यम से साकार किया गया।

सांस्कृतिक संध्या में भजन सम्राट पद्मश्री पं. अनूप जलोटा की प्रस्तुति विशेष आकर्षण रही। श्रोताओं का अभिवादन करने और सरगम गायन के बाद उन्होंने ‘ऐसी लागी लगन’ भजन से अपनी प्रस्तुति शुरू की। इसके बाद ‘अच्युतम केशवम’, ‘राम आएंगे आएंगे’, ‘कौन कहता है भगवान आते नहीं’, ‘इतनी शक्ति हमें देना दाता’ और ‘तेरे मन में राम, तन में राम’ जैसी भक्तिमय रचनाओं से समां बांध दिया।

कार्यक्रम का एक भावपूर्ण क्षण उस समय आया, जब अनूप जलोटा के भजन ‘श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम’ की धुन पर नन्ही नृत्यांगना आव्या एम. भूतोड़िया अपनी गुरु शिंजिनी कुलकर्णी के साथ नृत्यमयी मुद्राओं में मंच पर पहुंचीं। आव्या ने अपने हाथों में भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा धारण कर रखी थी। उन्होंने मंच पर प्रतिमा स्थापित की और तिलक लगाकर विधिवत प्रथम मंच प्रणाम किया। इसके बाद आव्या ने अपनी गुरु शिंजिनी कुलकर्णी और अनूप जलोटा के साथ पहली मंचीय प्रस्तुति दी। उनकी इस प्रस्तुति ने समारोह में उपस्थित दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।

मुख्य अतिथि पद्मश्री उस्ताद अनवर खान मांगनिहार ने आव्या को आशीर्वाद देते हुए कहा कि किसी भी कलाकार की पहली मंचीय प्रस्तुति उसकी मेहनत और गुरु से प्राप्त सीख को सामने लाती है। उन्होंने आव्या के पिता संदीप भूतोड़िया को बधाई दी और नन्ही कलाकार के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही समारोह की संयोजक शिंजिनी कुलकर्णी के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को कथक सिखाने और उन्हें वरिष्ठ कलाकारों के साथ मंच साझा करने का अवसर देना सराहनीय पहल है।

समारोह में युवा तबला वादक ईशान घोष का एकल वादन भी आकर्षण का केंद्र रहा। इसके अलावा विदुषी गीतांजलि लाल, शाश्वती सेन और अल्पना वाजपेयी की ‘अभिनय कचहरी’ ने भी दर्शकों का ध्यान खींचा। संगीत, कथक और चित्रकला की प्रस्तुतियों के बीच आव्या का प्रथम मंच प्रणाम ‘आरोहण-2026’ की सांस्कृतिक संध्या का विशेष आकर्षण बनकर सामने आया।

Next Story