अमरावती: परतवाड़ा बारात विवाद के बाद युवक राजेंद्रसिंह बावरी की हत्या
मोर्शी-चांदुर बाजार मार्ग पर बेलज फाटे के पास बाइक रोककर राजेंद्रसिंह बावरी पर चाकू से हमला, साथी अशोक सिंग गंभीर रूप से घायल, पुलिस ने आरोपियों को पकड़ा।

अमरावती के चांदुर बाजार-मोर्शी मार्ग पर बेलज फाटे के पास २१ मई २०२६ की रात राजेंद्रसिंह बावरी की हत्या के बाद घटना की जांच करती परतवाड़ा और मोर्शी पुलिस।
महाराष्ट्र के अमरावती जिले में शादी के जश्न के बीच पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की चाकू घोपकर बेरहमी से हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस जानलेवा हमले में मोर्शी शहर के निवासी राजेंद्रसिंह बावरी की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। बारात में नाचते समय शुरू हुआ मामूली विवाद रात होते-होते एक खूनी वारदात में तब्दील हो गया, जिसने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया।
यह पूरी घटना दिनांक 21 मई 2026 को उस समय उजागर हुई जब मोर्शी शहर के बावरी परिवार की एक शादी की बारात परतवाड़ा गई हुई थी। विवाह समारोह के दौरान बारात में नाचते समय पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच अचानक विवाद खड़ा हो गया। देखते ही देखते यह झगड़ा इतना बढ़ गया कि वहां मौजूद वीरू सिंग जयसिंग बावरी नामक व्यक्ति पर जानलेवा हमला कर दिया गया, जिससे उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं। बारात के दौरान हुए इस हमले से घटनास्थल पर भारी तनाव का माहौल निर्माण हो गया, जिसके चलते यह पूरा प्रकरण परतवाड़ा पुलिस थाने तक पहुंच गया। हालांकि, उस समय दोनों गुटों ने आपसी सामंजस्य दिखाते हुए पुलिस में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई और आपस में ही समझौता कर लिया।
आपसी समझौते के बाद विवाह सोहला शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। शादी की रस्में पूरी होने के बाद मोर्शी शहर के निवासी राजेंद्र सिंग किसन सिंग बावरी अपने साथी अशोक सिंग उर्फ गोलू सिंग बावरी के साथ दुपहिया वाहन पर सवार होकर वापस मोर्शी जाने के लिए निकले। जब वे रात के साढ़े आठ बजे चांदुर बाजार-मोर्शी मार्ग पर स्थित बेलज फाटे के पास पहुंचे, तभी कुछ अज्ञात युवकों ने उनकी दुचाकी को जबरन बीच रास्ते में रोक लिया। रास्ता रोकते ही उन युवकों ने राजेंद्र सिंग और अशोक सिंग पर धारदार हथियारों से अचानक हमला बोल दिया। अपने साथी को बचाने के लिए बीच-बचाव करने आए अशोक सिंग नामक व्यक्ति को भी हमलावरों ने गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। इस खूनी हमले में राजेंद्र सिंग बावरी को शरीर पर अत्यधिक और गहरी चोटें लगने के कारण उनकी दर्दनाक मृत्यु हो गई।
इस भीषण वारदात में गंभीर रूप से जख्मी हुए अशोक सिंग बावरी को तत्काल नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को बेहद गंभीरता से लिया और तत्काल दखल देते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ विभिन्न सुसंगत धाराओं के तहत आपराधिक गुनाह दाखिल किया गया है और आगे की गहन जांच मुस्तैदी से शुरू कर दी गई है। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली हत्याकांड ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और पुरानी दुश्मनी के खौफनाक अंजाम को लेकर गहरा सन्नाटा पसरा दिया है।

Someshwar Shahane, Amravati
नाम: सोमेश्वर शहाणे
वर्तमान पद: संवाददाता (प्रातःकाल) एवं जिला प्रतिनिधि (जनमत लाइव न्यूज़)
कार्यक्षेत्र: मोर्शी तहसील, जिला अमरावती (महाराष्ट्र)
बीट (मुख्य विषय): क्राइम (अपराध) तथा प्रशासन
परिचय
सोमेश्वर शहाणे अमरावती जिले के मोर्शी तहसील क्षेत्र से सक्रिय संवाददाता हैं। वह 'प्रातःकाल' के साथ-साथ 'जनमत लाइव न्यूज़' में अमरावती जिला प्रतिनिधि के रूप में भी कार्यरत हैं। सोमेश्वर मुख्य रूप से खोज पत्रकारिता (इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिज्म), आपराधिक मामलों और प्रशासनिक गतिविधियों को कवर करते हैं। वह सामाजिक क्षेत्र में आम जनता की समस्याओं को प्रशासन के सामने लाने और लेखनी के माध्यम से सामान्य लोगों को न्याय दिलाने के कार्यों को प्राथमिकता देते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
सोमेश्वर शहाणे को डिजिटल, वेब और प्रिंट मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर काम करने का अनुभव है। वह निम्नलिखित मीडिया संस्थानों से जुड़े रहे हैं:
- प्रातःकाल न्यूज़ (साल 2025 से निरंतर कार्यरत)
- जनमत लाइव न्यूज़ (अमरावती जिला प्रतिनिधि)
- पब्लिक वेब
- पब्लिक ऐप
- KAY न्यूज
शैक्षणिक योग्यता (Education)
उन्होंने अपनी शिक्षा S.S.C. (Secondary School Certificate / 10वीं) तक पूरी की है।
