जालना। ख्रिसमस के पावन अवसर पर जालना जिला सामान्य अस्पताल में मानवता, करुणा और सेवा भाव का एक संवेदनशील चित्र देखने को मिला, जब ठंड से जूझ रहे मरीजों को ममता की गरमाहट देने के उद्देश्य से ब्लैंकेट वितरण का आयोजन किया गया। यह पहल न केवल त्योहार की भावना को साकार करती दिखी, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का सशक्त संदेश भी देती नजर आई।

मंगलवार, 23 दिसंबर 2025 को सुबह 11 बजे जिला सामान्य अस्पताल परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला शल्य चिकित्सक डॉ. राजेंद्र पाटील तथा अतिरिक्त जिला शल्य चिकित्सक डॉ. राजेंद्र गाडेकर के करकमलों से मरीजों को ब्लैंकेट वितरित किए गए। अस्पताल में उपचाररत सैकड़ों मरीजों को इस पहल का प्रत्यक्ष लाभ मिला, जिससे ठंड के मौसम में उन्हें राहत मिली।

यह उपक्रम जिला सामान्य अस्पताल की स्टाफ नर्सों की ओर से हर वर्ष नियमित रूप से आयोजित किया जाता है। इस सामाजिक पहल के पीछे अनिता भालतीलकर का निरंतर योगदान उल्लेखनीय रहा है, जिनकी प्रेरणा से पिछले कई वर्षों से यह सेवा परंपरा लगातार निभाई जा रही है। अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से यह कार्यक्रम एक बार फिर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के दौरान डीटीओ डॉ. कुंडलीकर, डॉ. काकड सहित अस्पताल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही अनिता भालतीलकर, सीमा सिस्टर, जीवन शेळके, संगीता गायकवाड, गजानन शिंगणे, अरुण रधाल, ज्योती भुरमदे और सुशील भिसे की सक्रिय उपस्थिति ने आयोजन को गरिमा प्रदान की।

ठंड के मौसम में इलाज करा रहे मरीजों के लिए यह पहल केवल एक वस्तु का वितरण नहीं, बल्कि संवेदना और सहानुभूति का प्रतीक बनकर सामने आई। ख्रिसमस के इस अवसर पर जिला सामान्य अस्पताल में आयोजित यह कार्यक्रम सामाजिक सरोकार और मानवीय मूल्यों की जीवंत मिसाल के रूप में याद किया जाएगा।

Next Story