वीरता, त्याग और राष्ट्रभक्ति के प्रतीक महाराणा प्रताप की 486वीं जयंती तथा हल्दीघाटी विजय के 450 वर्ष स्मृति समारोह के अवसर पर प्रतापगढ़ जिले में श्रद्धा, उत्साह और गौरव का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप के अदम्य साहस, संघर्ष और मातृभूमि के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

धरियावद में इस अवसर पर पूर्व राजमहल से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें क्षत्रिय राजपूत समाज के सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। घोड़ों पर सवार युवाओं ने हाथों में केसरिया ध्वज थामे ‘जय मेवाड़’ और ‘महाराणा प्रताप अमर रहें’ के जयघोषों के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से भ्रमण किया। शोभायात्रा के दौरान विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया, जिससे पूरे नगर में उत्सव और देशभक्ति का माहौल व्याप्त हो गया।

वहीं प्रतापगढ़ मुख्यालय स्थित मिनी सचिवालय परिसर में स्थापित महाराणा प्रताप स्मारक पर मेवाड़ क्षत्रिय महासभा एवं अंबिका बाणेश्वरी संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाजजनों ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर सामूहिक माल्यार्पण किया तथा उनके योगदान को स्मरण किया।

इसके बाद आयोजित सभाओं में वक्ताओं ने महाराणा प्रताप के जीवन संघर्ष, त्याग और राष्ट्रहित में किए गए उनके अप्रतिम योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि महाराणा प्रताप ने मातृभूमि की स्वतंत्रता, स्वाभिमान और संस्कृति की रक्षा के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। विपरीत परिस्थितियों और संसाधनों की कमी के बावजूद उन्होंने अदम्य साहस एवं अटूट संकल्प के बल पर मेवाड़ की आन, बान और शान को अक्षुण्ण बनाए रखा।

कार्यक्रमों में पूर्व विधायक रामलाल मीणा, भानुप्रताप सिंह राणावत, डीडी सिंह, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परवीन सिंह चुंडावत, एसीएफ विक्रम सिंह, शहर कोतवाल शंभू सिंह झाला, पुलिस उपाधीक्षक चंद्रशेखर पालीवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

समारोह के समापन पर युवाओं से महाराणा प्रताप के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा राष्ट्रहित, स्वाभिमान और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए सदैव सजग एवं समर्पित रहने का आह्वान किया गया। पूरे जिले में आयोजित कार्यक्रमों ने एक बार फिर महाराणा प्रताप के अमर व्यक्तित्व और उनके प्रेरणादायी जीवन संदेश को जनमानस तक पहुंचाने का कार्य किया।

Updated On
Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story