उमरिया जिले के उमरार बांध में गुरुवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां खलेसर निवासी शुभम सोनी (18 वर्ष) पिता पवन सोनी अपने तीन दोस्तों के साथ घूमने और नहाने के लिए पहुंचा था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। आशंका जताई जा रही है कि वह पानी में डूब गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार चारों दोस्त बांध में नहा रहे थे। इसी दौरान शुभम गहरे हिस्से में पहुंच गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह उनकी आंखों के सामने पानी में गायब हो गया। घटना के तुरंत बाद तीनों दोस्तों ने आसपास के लोगों और पुलिस को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। युवक की तलाश के लिए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। पुलिस और संबंधित टीम द्वारा बांध में लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक शुभम सोनी का कोई पता नहीं चल सका था।

घटना की जानकारी मिलते ही शुभम के परिजन भी उमरार बांध पहुंच गए। बेटे के लापता होने की सूचना से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए और रेस्क्यू अभियान पर नजर बनाए हुए हैं।

कोतवाली थाना प्रभारी मदनलाल मरावी ने बताया कि उमरार बांध में एक युवक के डूबने की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कर दी गई। उन्होंने कहा कि अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला है और रेस्क्यू टीम लगातार खोजबीन में जुटी हुई है।

बारिश के मौसम में बांध और जलाशयों का जलस्तर बढ़ जाने से ऐसे स्थानों पर नहाना बेहद जोखिम भरा हो जाता है। प्रशासन ने लोगों से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की है। फिलहाल शुभम सोनी की तलाश जारी है और पूरे क्षेत्र की निगाहें रेस्क्यू अभियान पर टिकी हुई हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story