उमरिया में बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित घुनघुटी के गोदाम एवं रिकॉर्ड रूम के सामने हुए कथित अतिक्रमण का मामला प्रशासन तक पहुंच गया है। समिति के प्रबंधक धनेंद्र प्रसाद शुक्ला ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) पाली को शिकायत सौंपते हुए आरोप लगाया है कि संस्था के चौकीदार की मिलीभगत से सरकारी परिसर के सामने अतिक्रमण किया गया है। उन्होंने इसे संस्था की सुरक्षा और किसानों के हितों से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

शिकायत के अनुसार, प्रबंधक धनेंद्र प्रसाद शुक्ला अमिलिहा गोदाम में किसानों को खाद एवं बीज वितरण के कार्य में व्यस्त थे। इसी दौरान गोदाम और रिकॉर्ड रूम के सामने कथित रूप से अतिक्रमण कर लिया गया। उनका आरोप है कि चौकीदार संतोष बैगा ने इस संबंध में उन्हें कोई सूचना नहीं दी। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि चौकीदार के भाई की लड़की द्वारा बिहार से एक युवक को लाकर अतिक्रमण कराया गया।

प्रबंधक ने शिकायत में बताया कि वर्ष 2017 में भी इसी स्थान पर अतिक्रमण हुआ था, जिसे तत्कालीन तहसीलदार ने हटवा दिया था। इसके बावजूद दोबारा कब्जा होने से संस्था की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि संबंधित लोगों को संस्था की गतिविधियों की पूरी जानकारी है, जिससे कर्मचारियों की सुरक्षा भी प्रभावित हो सकती है।

शिकायत में प्रशासन से सार्वजनिक उपयोग की भूमि और भवन को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की गई है, ताकि किसानों को खाद-बीज वितरण सहित अन्य कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए। शिकायत की प्रतियां प्रशासक, सहायक आयुक्त सहकारिता तथा थाना प्रभारी को भी भेजी गई हैं।

इधर, घुनघुटी के पटवारी धेनू प्रजापति ने बताया कि मामले का प्रतिवेदन तैयार कर तहसील कार्यालय भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है। अब इस मामले में प्रशासन की अगली कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों की नजर टिकी हुई है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story