उज्जैन रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार रात प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर घेराबंदी कर पकड़ी गई दोनों महिलाओं के ट्रॉली बैग और अन्य सामान की तलाशी में 74 किलो 995 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपए बताई गई है।

जीआरपी के अनुसार रेलवे स्टेशन पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो महिलाएं बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर स्टेशन पर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 8 पर नागदा की ओर से आ रही दोनों महिलाओं की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।

तलाशी के दौरान परमिंदर कौर उम्र 36 वर्ष के पास एक ट्रॉली बैग और दो पिट्ठू बैग मिले। बैगों की जांच करने पर इनमें से 41 किलो 555 ग्राम डोडाचूरा बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 20 हजार रुपए बताई गई है।

दूसरी आरोपी जसविंदर कौर उर्फ किंडर उम्र 47 वर्ष के पास एक ट्रॉली बैग और एक हैंड बैग था। तलाशी में इन बैगों से 33 किलो 440 ग्राम डोडाचूरा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 80 हजार रुपए बताई गई है।

दोनों महिलाओं के पास से कुल 74 किलो 995 ग्राम यानी करीब 75 किलो डोडाचूरा जब्त किया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी पंजाब के लुधियाना ग्रामीण जिले के तलवंडी कला गांव की रहने वाली हैं।

जीआरपी अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में डोडाचूरा कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। पुलिस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी भी जुटा रही है।

जीआरपी पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आने वाली जानकारी के आधार पर मादक पदार्थ की खेप के स्रोत और इसके सप्लाई नेटवर्क से जुड़े तथ्यों का पता लगाने की कार्रवाई जारी है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story