सूरजपुर में नाबालिगों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 102 स्कूली छात्र वाहन चलाते पकड़े गए, ₹71,600 जुर्माना
सूरजपुर में पुलिस के विशेष अभियान के दौरान 102 नाबालिग छात्र वाहन चलाते पकड़े गए। कुल 160 मामलों में ₹71,600 जुर्माना वसूला गया, जानिए पूरी कार्रवाई।

तस्वीर में सूरजपुर पुलिसकर्मी दोपहिया वाहनों और पकड़े गए लोगों के साथ खड़े दिखाई दे रहे हैं।
सूरजपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस ने नाबालिग स्कूली छात्रों के वाहन चलाने के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर बुधवार को जिलेभर में स्कूलों के आसपास और प्रमुख मार्गों पर सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 102 नाबालिग छात्र दोपहिया वाहन चलाते हुए पकड़े गए।
पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित अभिभावकों को बुलाकर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। इस कार्रवाई के दौरान कुल ₹63,000 का समन शुल्क वसूला गया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 58 अन्य वाहन चालकों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई, जिनसे ₹8,600 का समन शुल्क लिया गया। इस प्रकार कुल 160 प्रकरणों में ₹71,600 का जुर्माना वसूला गया।
अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले चार लोगों के विरुद्ध भी मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने सभी मामलों में इस्तगाशा न्यायालय में प्रस्तुत किया।
सूरजपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई नाबालिग वाहन चलाते हुए पाया जाता है तो वाहन स्वामी अथवा अभिभावक के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही विद्यालयों से विद्यार्थियों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का आग्रह भी किया गया है।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल ने कहा कि नाबालिग छात्र-छात्राएं देश का भविष्य हैं और उनकी सुरक्षा हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों को बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के किसी भी प्रकार का वाहन चलाने की अनुमति न दें। उन्होंने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ उनके जीवन और दूसरों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। बच्चों को यातायात नियमों का पालन करना सिखाएं और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करें।
सूरजपुर पुलिस ने बताया कि जिले के सभी स्कूलों में लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। छात्रों को यातायात नियमों की जानकारी दी जा रही है और समझाया जा रहा है कि 18 वर्ष की आयु पूरी होने तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने के बाद ही वाहन चलाएं। पुलिस का यह अभियान सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नाबालिगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार जारी है।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
