मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में रीवा लोकायुक्त पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बरगवा वन क्षेत्र अंतर्गत ओवरी बीट में पदस्थ वनरक्षक बीट गार्ड अखिलेश शुक्ला को ₹2000 की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद वन विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, पीड़ित राम लोचन प्रजापति ने रीवा लोकायुक्त कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी कि ओबरी के गार्ड अखिलेश शुक्ला द्वारा लगातार अवैध रूप से पैसों की मांग की जा रही थी। पीड़ित ने बताया कि वन विभाग से लगातार परेशान होने के बाद उसने लोकायुक्त पुलिस विभाग का सहारा लिया और अपनी शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने के बाद रीवा लोकायुक्त पुलिस ने कार्रवाई की योजना बनाई। जैसे ही पीड़ित रामलोचन प्रजापति रिश्वत की रकम ₹2000 लेकर आरोपी अखिलेश शुक्ला को देने के लिए बरगवा गेस्ट हाउस पहुंचा, पहले से सतर्क लोकायुक्त पुलिस टीम ने आरोपी बीट गार्ड को पैसे लेते हुए रंगेहाथ पकड़ लिया।

लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी बीट गार्ड अखिलेश शुक्ला के पास से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली है। फिलहाल भरगामा गेस्ट हाउस में लोकायुक्त पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

लोकायुक्त पुलिस के कर्मचारी इस बात की भी जांच कर रहे हैं कि रिश्वत की यह रकम किन-किन कर्मचारियों और अधिकारियों तक पहुंचाई जा रही थी। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई जारी है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story