सिंगरौली जिले के माड़ा थाना क्षेत्र के जरहा गांव से एक मां और उसके 5 साल के बेटे के लापता होने का मामला सामने आया है। परिवार ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए पुलिस से दोनों की जल्द तलाश करने की मांग की है। मामला बैढन न्यायालय परिसर से जुड़ा हुआ है, जहां महिला अपने बेटे के साथ पेशी के लिए पहुंची थी।

गुमशुदा महिला के भाई ने बताया कि उनकी बहन प्रियंका अग्रहरी, उम्र 29 वर्ष, अपने बेटे शिवांस राज गुप्ता, उम्र 5 वर्ष, के साथ बैढन न्यायालय पेशी के लिए आई थी। इसके बाद वह अपने मासूम बेटे के साथ न्यायालय परिसर से ही गायब हो गई। शाम तक जब प्रियंका अपने बच्चे के साथ घर नहीं पहुंची तो परिवार को चिंता हुई।

बताया जा रहा है कि प्रियंका की शादी 2019 में जितेन्द्र कुमार गुप्ता, निवासी बैढन के साथ हुई थी। वर्तमान में दोनों का तलाक का मुकदमा बैढन न्यायालय में विचाराधीन है। इसी पेशी के सिलसिले में प्रियंका अपने बेटे के साथ जरहा से बैढन आई थी।

परिवार ने मायके पक्ष की ओर से अपने वकील रामललित कुशवाहा से संपर्क किया। वकील ने बताया कि प्रियंका अपने बच्चे के साथ शाम 4 बजे कोर्ट से निकल गई थी। इसके बाद से मां-बेटे का कोई पता नहीं चल पाया।

परिजनों ने बैढन न्यायालय परिसर, बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों में दोनों की तलाश की। रिश्तेदारों से भी संपर्क किया गया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिवार ने कोतवाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और पुलिस से मां-बेटे की जल्द तलाश करने की मांग की।

वहीं प्रभारी शहर सीएसपी ललित बैरागी ने बताया कि न्यायालय परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों और आसपास के इलाकों में लगे सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस तलाक चल रहे पति से भी लगातार पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही गुम हुए मां और मासूम बच्चे को बरामद किया जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story