सिंगरौली में पिछले कुछ घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार तेज बारिश के कारण ऊर्जाधानी सिंगरौली और आसपास के क्षेत्रों के तमाम छोटे-बड़े नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो गया है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

बारिश का सबसे अधिक असर विंध्यनगर से तेलगावा जाने वाले मार्ग पर देखने को मिल रहा है। मुख्य सड़क पर कई फीट तक पानी भर जाने से पूरा रास्ता जलमग्न हो गया है। सड़क पर घुटनों से ऊपर पानी बहने के कारण यहां से आवाजाही बेहद जोखिम भरी हो गई है। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों के बंद होने तथा दुर्घटनाग्रस्त होने की आशंका बनी हुई है।

सड़क पर जलभराव के चलते दैनिक यात्रियों, कर्मचारियों और खासकर स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्र-छात्राओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई छात्र समय पर अपने शिक्षण संस्थानों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जबकि कई लोग रास्ते में ही पानी घटने का इंतजार करने को मजबूर हैं।

स्थानीय निवासियों का कहना है, "हर बार बारिश के मौसम में इस मार्ग का यही हाल होता है। प्रशासन द्वारा ड्रेनेज सिस्टम की सही सफाई न कराने की वजह से पानी का निकास नहीं हो पाता, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ता है।"

सड़क पर तालाब जैसी स्थिति बनने के बाद स्थानीय लोगों ने नगर निगम और स्थानीय प्रशासन से जल्द से जल्द पानी निकासी के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है। लगातार बारिश और जलभराव के बीच विंध्यनगर-तेलगावा मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने से राहगीरों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

Next Story