शिवपुरी में नगर पालिका के 400 से अधिक सफाईकर्मी, पार्क कर्मचारी और वाहन चालक बुधवार सुबह से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए। कर्मचारियों की हड़ताल का सीधा असर शहर की सफाई व्यवस्था पर पड़ा। कई इलाकों में झाड़ू नहीं लगी और कचरा कलेक्शन वाहन भी गली-मोहल्लों में नहीं पहुंचे।

कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों और कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर नगर पालिका परिसर में धरना शुरू किया। हड़ताल के समर्थन में पार्षद विजय शर्मा भी धरना स्थल पर बैठे। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की ओर से कई बार कर्मचारियों को हर महीने की 1 से 5 तारीख के बीच वेतन देने का आश्वासन दिया गया, लेकिन इसके बावजूद समय पर वेतन नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कई सीएमओ आए और चले गए, लेकिन व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

हड़ताल समाप्त कराने के लिए नपाध्यक्ष, सीएमओ, पार्षदों और सफाईकर्मियों के नेताओं के बीच तीन दौर की बातचीत हुई। पहले दो दौर की वार्ता नपाध्यक्ष के कक्ष में करीब पांच घंटे तक चली। इसमें कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर सहमति बनाने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल सका।

इसके बाद तीसरे दौर की बातचीत धरना स्थल पर टेंट के नीचे करीब एक घंटे तक हुई। इस दौर में भी सहमति नहीं बन पाई। देर शाम तक कर्मचारियों ने हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया।

सफाईकर्मियों ने नगर पालिका की व्यवस्था को लेकर कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं। कर्मचारियों का दावा है कि वर्ष 2009 से कुछ कर्मचारियों के वेतन से अंशदायी पेंशन (एनपीएस) की राशि काटी जा रही है, लेकिन इसे शासन के खाते में जमा नहीं कराया गया। कर्मचारियों ने सुनील खरे की राशि को लेकर करीब 20 लाख रुपये के कथित घालमेल का आरोप लगाया है।

इसके अलावा कर्मचारियों का कहना है कि वेतन से ईपीएफ की राशि काटे जाने के बावजूद संबंधित खातों में राशि जमा नहीं हो रही है। दो-तीन कर्मचारियों की करीब 57 लाख रुपये की राशि के हिसाब में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया गया है।

कर्मचारी नेता मनोज घावरी के अनुसार, इस संबंध में जब स्थापना शाखा के बाबू और अकाउंटेंट को बुलाया गया तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। कर्मचारियों ने इन मामलों को लेकर लाखों रुपये की कथित वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाए हैं। वहीं, वार्ता के तीन दौर के बावजूद समाधान नहीं निकलने से नगर पालिका की सफाई और कचरा संग्रहण व्यवस्था प्रभावित रही तथा कर्मचारियों ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रखने का निर्णय लिया।

Updated On
Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story