शिवपुरी में खाकी को चुनौती: काली कार सवार गैंग ने एक ही रात में पांच दुकानों पर बोला धावा
शिवपुरी में पुलिस की रात्रि गश्त की पोल खोलते हुए काली कार सवार चोर गिरोह ने थानों के करीब स्थित पांच दुकानों को अपना निशाना बनाया। लाखों के माल और नकदी पार करने के बाद बेखौफ चोर फरार हो गए, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं।

सीसीटीवी फुटेज में शिवपुरी में एक दुकान के बाहर खड़ी काली कार और संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे रहे हैं।
मध्यप्रदेश के शिवपुरी शहर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्हें न तो थानों का खौफ है और न ही पुलिस की गश्त का। बीती रात एक काली कार में सवार चोर गिरोह ने पूरे शहर में बेखौफ होकर गश्त की और एक-एक कर पांच दुकानों को अपना निशाना बना डाला। हैरानी की बात यह है कि जिन दुकानों को टारगेट किया गया, उनमें से अधिकांश दुकानें पुलिस थानों या गश्त पॉइंट के आसपास मुख्य सड़क मार्गों पर स्थित हैं। एक ही रात में हुई इन पांच वारदातों ने पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है। सवाल यह उठ रहा है कि जब काली कार सवार गिरोह पूरी रात शहर की सड़कों पर घूम-घूम कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहा था, तब पुलिस कहां सो रही थी। ऐसा प्रतीत होता है कि पुलिस की रात्रि गश्त का सिस्टम सिर्फ कागजों तक सीमित है और सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी नदारद है। इसी का फायदा उठाकर चोर काली कार में सवार होकर शहर की सैर करते हुए लाखों का माल समेटने में सफल रहे। अब देखना यह है कि शिवपुरी पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर इस काली कार गैंग तक पहुंच पाती है या फिर हमेशा की तरह अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर फाइल को ठंडे बस्ते में डाल देती है।
चोरी की इन घटनाओं में पहली वारदात देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुरानी शिवपुरी में आयुर्वेदिक जिला अस्पताल के पास स्थित अमन कलेक्शन नामक कपड़े की दुकान में हुई, जहां चोरों ने कटर का उपयोग करते हुए शटर के ताले काटे और 40 से 50 ब्रांडेड जींस पेंट पार कर दीं। दूसरी और सबसे साहसिक वारदात देहात थाने से महज 150 मीटर की दूरी पर काली माता मंदिर के पास स्थित जय मां काली किराना स्टोर पर हुई, जहां चोरों ने शटर को हाथों से टेढ़ा कर अंदर प्रवेश किया। दुकान संचालक मनोज धाकड़ के अनुसार चोर गल्ले में रखे डेढ़ से दो लाख रुपये नकद, 8-10 किलो ड्राय फ्रूट्स, सिगरेट और गुटखा के हजारों रुपये के पैकेट ले उड़े। पुलिस थाने की नाक के नीचे हुई इस चोरी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तीसरी वारदात फतेहपुर क्षेत्र के जैन किराना स्टोर की है, जहां शटर उखाड़कर अंदर घुसे चोर ड्राय फ्रूट्स और पांच हजार रुपये नकद ले गए। इस चोरी की सूचना रात में ही पुलिस को दे दी गई थी और पुलिस मौके पर पहुंची भी, लेकिन इसके बावजूद चोर सुरक्षित भागने में सफल रहे और शहर में अन्य चोरियों को अंजाम देते रहे। वहीं, चौथी वारदात कोतवाली थाना क्षेत्र में हरिजन थाना के पास स्थित ओमप्रकाश सिंघल किराना स्टोर की है, जहां चोरों ने शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
